माँ यह मुझे बता दो की,
किस दिन काम ढूंढ पाएगी|
भूखा हू दिनों से मैं,
कब तक मुझे तड़पाएगी|
पता है बस कुछ दिनों में,
फिर तू मुस्कुराएगी|
फिर अपनी प्यारी हाथों से,
भर पेट मुझे खिलाएगी||
ऊब गया हू ढूंढकर,
गलियों में कचरों के डब्बे|
फटे से मेरे कपड़ो पे,
दिखते केवल काले धब्बें|
कचरों में मिले रोटी से,
ये भूख नहीं मिट पाएगी|
पता है तू, एक दिन मुझे,
भर पेट खाना खिलाएगी||
बचे होते जो राशन घर में,
क्यों पापा बेच आते है|
हर शाम कर उल्टियाँ,
दे गाली तुम्हें सताते हैं|
मेरे लिए इतने कष्टों को,
कब तक तुम सह पाएगी|
भूखे अपने टुकड़े को,
कब तक जिन्दा रख पाएगी||
याद हैं MLA अंकल जब,
वोट के वास्ते आये थे|
दाल, चावल, आचार, भुंजिए,
भर पेट हमें खिलाएं थे|
पता नहीं बस याद हमारी,
फिर उन्हें कब आएगी|
पेट में भूख की ज्वाला,
सहज ही कब मिट जाएगी||
ऊंची बड़ी हवेली में,
सफेद कुत्तिया दिख जाती हैं|
चाय, बिस्किट,और दूध - मलाई,
रोज सुबह में खाती हैं|
जालिम दुनियाँ जाने कब ,
भूख की पीड़ा जान पायेगी|
तड़पते भूखों के खातिर,
कुछ खाने को छोड़ जाएगी||
सहूंगा भूख मरते दम तक,
पर दुनियाँ ना छोड़ पाउँगा|
तेरी पीड़ा हरने को,
एक दिन बड़ा हो जाऊँगा|
पता हैं तुम मेरे बिन ,
जिन्दा ना रह पाएगी|
हर कष्टों को कर सहन,
तू मेरी भूख मिटाएगी||
मुझे बता दो वहीं पता,
जहाँ अक्सर खून बेच आती हो|
बदले में मेरे खातिर,
खाना भर पेट ले आती हो|
मेरे लहू की हर बूंदे,
बस उसी पते पे जायेगी|
मेरे साथ तेरी भी माँ,
सारी पीड़ा मिट जायेगी||

1 टिप्पणियाँ
WAH WAH
जवाब देंहटाएंVery Nice