आज फिर वो चिड़िया आई थी।
चहकते फुदकते,
शायद दाने की तलाश में।
भूख मिटाने की आस में।
बस थोड़ी सी घबराई थी।
आज फिर वो चिड़िया आई थी।।
सुबह सामने मुंडेर पर,
इठला रही थी।
और इधर उधर नज़रे,
दौड़ा रही थी।।
मै उससे अनजान,
वो मुझसे अनजान।
फिर भी मेरे अंतर से,
आवाज कुछ आया।
चावल के कुछ चंद दाने,
मै खिड़की से गिराया।।
ख़ुशी से वो झूम कर,
दाने चुगने आई।
फुदक - फुदक कर दाने चुग,
अपनी वो भूख मिटाई।
फिर पर फैलाये दूर गगन में,
उड़ती नजर आई।।
मंजूर न था उसको,
पल भर की तन्हाई।
बेपरवाह उड़ते अपने,
झुण्ड से मिल पाई।
अपने में मसगुल वो,
कुछ गा रही थी।
मेरे आँखों से दूर वो,
जा रही थी।।
उसे चाहिए था दाना,
पल भर की भूख मिटाने को।
पर झुण्ड में ही रहना था,
जीवन खुशहाल बिताने को।।
न चाहिए था उसे राजभोग,
न चाहिए थी हवेली।।
उसे तो चाहिए था,
खाने को दो दाने,
एक छोटा सा घोंसला,
और झुंडो में सहेली।।
परिंदों का झुण्ड मस्ती में,
गा रहा था।
कभी इधर कभी उधर,
फलक में मानों गोते,
लगा रहा था।
मै एक कमरे में कैद,
टकटकी लगाए,
खिड़की खोल नज़ारा,
देखे जा रहा था।।
इतने बड़े झुण्ड में,
ना कोई गरीब था।
ना कोई अमीर था।
अगर कुछ खास था,
तो वो सबका जमीर था।।
शायद उनकी उपलब्धि थी,
खुशहाल जीवन जी पाने की।
हर सुख - दुःख में सम रहकर,
निः स्वार्थ साथ रह पाने की।।
मुझपे एक खामोशी मानों,
छा रही थी।
बचपन की यादें फिर से,
आ रही थी।
वो सारे दोस्त, वो कई खेल,
एक हल्की सी मुस्कान अधरों पे,
ला रही थी।।
तभी फ़ोन की घंटी बजी।
फिर ऑफिस की याद आई।
फिर जल्दी से अलमीरा से,
पुरानी सी डायरी उठाई।।
आज हल्की सी ताजगी मेरे,
चेहरे पर आई थी।
फिर डायरी के पन्नो पर लिखा,
बड़े बड़े अक्षरों में,
आज फिर वो चिड़िया आई थी।
आज फिर वो चिड़िया आई थी।।

0 टिप्पणियाँ