उसे भी चाहत थी,
जी भर बरस जाने की,
पर तपिश का साया था।
शायद कठोर भी था अंदर से,
जो खुद को रोक पाया था।
बदले मौसम की मार से,
मानो वो टूट आया था।
कितने सैलाब समेटे वो,
आज घटा बनकर छाया था।
बस थोड़ी सी चोट क्या लगी,
हवा के कोमल झोंको से,
अपने अहम की सीमा तोड़,
जमीं पर बरस आया था। ।
बड़ी उमस थी कल तक,
पर वो बरसात भी क्या खूब थी।
बादल भी गरजे,
बिजली भी चमकी,
फिर मूसलाधार बारिश,
सबको मानो चौकाया था।
उमस , तपिश का नाश कर,
सुहावना मौसम लाया था। ।
मोतियों से कम ना थे,
उस बारिश की बुँदे।
जहाँ गिरे,
हरियाली का आगाज हुआ।
जहाँ गिरने से रह गए,
बंजर भूमी का राज हुआ। ।
ऐ उमड़ते - घुमड़ते बादल,
जब भर आए तेरी नम आँखे।
बेवजह बरस जाना।
उमस को भगाना,
सावन का मौसम लाना।
तभी तो फिर चलेगी,
ठंडी एक बयार,
जहाँ फिजा भी रंगीन होगी,
और तुम मुस्कुराना। ।

0 टिप्पणियाँ