जी करता है लिख दूं,
अधूरी कुछ कहानियाँ,
सादे कोरे कागज पर।
जहां हम - तुम होंगे,
पुराने अफसाने होंगे,
होंगी कुछ बचकानियां।
जी करता है लिख दूं,
अधूरी कुछ कहानियाँ।
जहां कैद होगी अपनी,
खामोशियों की आवाज।
कुछ मीठे - तीखे नोक - झोंक,
कुछ छुपे हुए राज।
पर लिखे भी तो कैसे,
रोजमर्रे की जरूरतें,
सारा वक्त निगल रही हैं।
रद्दी के सहारे अब तो,
जिंदगी गुजर रही हैं।
मंसूबा तैयार नहीं होता,
कि शाम गुजर जाती है।
फिर रातों की गहरी नींद,
सुबह तक छोड़ जाती है।
फिर वहीं उलझन,
वहीं भागदौड़,
बेहोशियां ऐसी,
कि पूरा दिन गुजर जाता है।
यादों का पुलिंदा,
दिन के चंचल हलचल में,
अनायास कहीं खो जाता हैं।
होश में फिर आते - आते,
संध्या बेला आती हैं।
जिंदगी भी कुछ इस तरह,
रोज गुजरते जाती हैं।
पर आकांक्षा अब भी जिंदा है,
कि लिखूं कुछ कहानियां ,
सादे कोरे कागज पर,
एक ऐसा भी दिन आए।
जब दिल में कैद आवाजें भी,
किताबों में बस जाए।।
0 टिप्पणियाँ