मंजिले यूं ही नहीं मिलती

गुजारिशें कबूल नहीं होती,
आंसुओं में भीग जाने से।
मरहम कोई लगाता नहीं,
जख्मों को दिखाने से।
जंग- ए - मैदान हो अगर,
खून का प्यासा,
तो मौत के दलहीज से भी,
आगे गुजरना पड़ता है।
दर्द सीने में छुपाकर,
बाधाओं से टकराकर,
हर विघ्नों से लड़कर,
खुद निखरना पड़ता हैं।
वक्त मिले तो पूछ लेना,
अतीत के धूमिल पन्नों से,
लड़ाइयां जीती नहीं जाती,
सेनाओं को सजाने से।
देनी होती है कुर्बानियां,
मिटती है कई निशानियां,
कोई सम्राट नहीं होता,
बस तलवारें चमचमाने से।
खो जाना ना तुम कहीं,
दुनिया के मोहक रंग में,
ख्वाब मुक्कमल नहीं होते,
बेहोश हो सो जाने से।
कभी दर्द के एहसासों से,
खुद गुजरना पड़ता हैं।
राहों में गिरकर भी,
खुद संभालना पड़ता हैं।
कुछ हासिल नहीं होता,
बस योजना बनाने से।
मंजिले यूं ही नहीं मिलती,
टूटकर बिखर जाने से।।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ