स्वर्ग का प्रलोभन उन्हें मुबारक,
हम सपनों का आशियाना,
खुद ही बना लेंगे।
अमृत की तलाश आप करो,
दो कतरा पानी के सहारे,
प्यास हम बुझा लेंगे।।
मिल जाए कोई हमदम,
जिंदगी के लंबे सफर में,
फिर क्या सुख, क्या दुःख,
जरूरत पड़ी तो जहर का,
प्याला भी सजा लेंगे।
वो इबादत ही क्या,
जो गुलामी की जंजीर दे।
वो भक्ति ही क्या,
जो उन्मुक्त आसमां छीन ले।
देदे कोई बेवजह,
मुस्कुराने की कला,
फिर उसकी एक झलक,
दिल में हम बसा लेंगे।।
मिल जाए अगर वो रास्ता,
जहां दर्द भी मुस्कुराती हो,
तन्हाइयों में खामोशियां भी,
अपने धुन में गाती हो।
उम्मीदों का खंडहर भी,
जहां पल भर में गिर जाता हो।
बंद हुई आंखों में,
संसार सिमट जाता हो।
बेशर्त उन राहों पर,
कदम हम बढ़ा लेंगे।
और वीरान दिल के गलियों में,
खुशियों के दीप जला लेंगे।।
फिर आए मौत तो कह देना,
अब बस तेरा इंतजार था।
आखिरी पड़ाव भी लाजवाब होगा ,
सफर इतना जो शानदार था।
फिर हर गिला शिकवा,
यही पर दफना देंगे।
फिर रुक जाएगा कारवां,
सुहाने एक सफर का,
फिर हंसते - हंसते यूं ही,
मौत को गले लगा लेंगे।।
0 टिप्पणियाँ