अगले दिन राम फिर से हॉस्पिटल गए और लंचबॉक्स जंकी को थमाते हुए बोले ये लो मां ने तेरे लिए अपने हाथों से बनाया हैं। एक पल के लिए जंकी का चेहरा खिल सा गया और बोली काकी हमसे नाराज नहीं हैं अब। राम बोले नहीं पगली कल तेरी दास्तान सुनकर सब दुःखी थे। सब तेरी सलामती की दुआ कर रहे हैं। थोड़ा भावुक होते हुए जंकी बोली अगर इतने लोग दिल से दुआ करेंगे तो क्या पता मौत को खुद मुझपे तरस आ जाए। पर एक सवाल अब भी हैं राम बाबू। अगर गरीब जिंदा हैं तो समाज गरीब होता हैं पर जैसे ही गरीब मरता है सारा समाज अमीर हो जाता है। ऐसा क्यों?
राम ने आश्चर्य से कहा हम समझे नहीं।
फिर जंकी बोल उठी ठीक हैं थोड़ा समझाते हैं।
जिंदगी भर एक रोटी और कपड़े से तन ढकने को तरसते गरीब पर किसी की नजर तक नहीं जाती शायद समाज भी उस वक्त गरीब ही होता हैं। पर उसके मैयत पर पैसों की बारिश हो जाती हैं। उस दिन समाज अचानक अमीर कैसे हो जाता हैं।
राम ने कहा लोग सहानुभूति दिखाने आते हैं।
फिर जंकी मुस्कुराते हुए बोली मुर्दे को सहानुभूति की क्या जरूरत। अगर मुर्दा खुद कपड़ा या रोटी मांगता तो ये सहानभूति भी उसे नहीं मिलती। तभी राम ने टोकते हुए कहा छोड़ो ये सब बेकार की बातें। तभी जंकी बोल उठी ये बेकार की बातें नहीं हैं। मान लीजिए मेरे हालात बहुत अच्छे होते तो क्या तब भी आपके घरवालें मेरे लिए सलामती की दुआ करते। राम कुछ बोल नहीं पा रहे थे।
तभी लूंगी ने कहा तू राम बाबू से काहें बहस कर रही हो। ऊ तोहर वास्ते दूर से मिले आइल है और तू उनका बेइज्जती कर रही हो। कितने अच्छे है राम बाबू। उनका ऐसा न बोलो।
राम ने सर झुकाते हुए कहा लूंगी काका इसे आप ना टोको। जंकी जो बोल रही हैं बिल्कुल सही बोल रही हैं। जंकी के सवाल सभ्य समाज के मुंह पर तमाचा हैं और हम भी उसमें से एक हैं। ये बात भी सही हैं हम जानते हुए कि जंकी बहुत गरीब हैं और बचपन में हमपर जान छिड़कती थी हम उसे भूल चुके थे। कभी जानने की कोशिश भी न किए कि वो कैसी हैं। जब जंकी का उपहार मिला तब हमे अपने छोटेपन का एहसास हुआ। जंकी का उपहार बस एक उपहार नहीं था मेरे लिए एक ऐसा प्रश्न पत्र था जिसका जवाब आज तक किसी किताब में पढ़ने को नहीं मिला था। अब धीरे - धीरे उसका जवाब मिलने लगा हैं।
तभी एक लंबी, सुंदर और खूबसूरत औरत राम के पिता के साथ जंकी के सामने खड़ी हो गई। जंकी उठकर राम के पिता की पैर छुई और आशीर्वाद लिया। और गोरी औरत को निहारने लगी। राम ने जंकी से कहा भाभी हैं तेरी। इतना सुनते ही जंकी गोरी मैम का पाव छूने लगी पर गोरी मैम ने रोककर गले लगा लिया। बस क्या था जंकी फफक कर जोर - जोर से रोने लगी। इसपर राम ने कहा चुप हो जाओ अच्छा नहीं लग रहा। तभी जंकी बोली आज आप मत रोकिए शायद मेरे लिए जिन्दगी का ये सबसे खुशनसीब दिन हैं। फिर सीसीकिया भरते हुए वह बेड पर बैठ गई। तभी राम के पिता ने एक बड़ा सूटकेस जंकी को थमा दी और कहा इसमें तेरे और तेरी बेटी के लिए कपड़े और कुछ जरूरत के समान हैं। इसे रख लो।
इसपर जंकी बोली इसकी क्या जरूरत थी। फिर राम के पिता बोले, बेटी आशीर्वाद समझकर रख लो। तभी जंकी ने अपनी बेटी से इशारे में बेड के नीचे पड़े छोटे से संदूक को मंगाई। और उसमें से कुछ खूबसूरत चूड़ी, सिंदूर और माथे की बिंदी निकाली। और मेमसाहब को थमाते हुए बोली हमारे घर से एक सुहागन स्त्री खाली हाथ नहीं जाती। ये चूड़ी आप पर बहुत जमेगी। ये साधारण चूड़ी नहीं हैं। कुछ खास बंजारन इसे अपने हाथों से बनाती हैं। ये मेरी मां की बनाई हुई हैं।
जानकी के मां के वो शब्द मानों आज फिर से जानकी के कानों में गूंज रहे थे जो उसने जानकी को चूड़ी देते वक्त कहा था। "ई खास सुंदर चूड़ी तोर शादी के लिए बनाए हैं।" उस वक्त से आज तक वो चूड़ी जानकी के छोटे संदूक की शोभा बढ़ा रहे थे। पर चूड़ी देते वक्त जानकी आज काफी खुशी महसूस कर रही थी जिसे अक्सर देखकर वो मायूस हो जाया करती थी। पर अब तो मायूस होने की वजह ही नहीं थी। चूड़िया किसी सुहागन की कलाई की शोभा जो बन चुकी थी।
तभी राम ने कहा बाहर एंबुलेंस आने वाली हैं। आप अपना समान समेटाें। हम अभी मेरे दोस्त के हॉस्पिटल जाएंगे। यहां के डॉक्टर से बात हो गई है वो अभी आते ही होंगे और एग्जिट रिपोर्ट तैयार हो रहा हैं।
डॉक्टर से अनुमति लेकर सब दूसरे हॉस्पिटल चल पड़े। राम की पत्नी एलिसा एंबुलेंस में बैठने का जिद करने लगी और जंकी के बेटी के साथ एंबुलेंस में बैठ गई। और दूसरे लोग राम के कार में थोड़ी मुश्किल से बैठे। तभी राम ने लूंगी से कहा काका अभी तो काफी लंबा रास्ता बाकी हैं। अब तो बता सकते हैं जंकी के मां बाप के बारे में।
लूंगी ने बोला काहे नहीं। पहले एक गीत सुनावत हैं। एह के ध्यान से सुनो। फिर लूंगी इस तरह गीत सुनाने लगा।
जंगल बीच रहत,
सूरज के साथ चलत,
शाम को होते - होते,
थकत हैं बंजारा।
फिर रात के ओट में,
जंगल के गोद में,
सोवत हैं बंजारा।।
गम भी दम तोड़त है,
पहाड़ रास्ता छोड़त हैं,
जब पत्थर तोड़त हैं बंजारा।
कभी भूख पेट सोके,
कभी चोट खाके रोके,
खुश रहत हैं बंजारा।।
रोग दुख सहत है,
दवा से दूर रहत है,
घास - फूस के बीच,
जड़ी खोजत हैं बंजारा।
और खेल तमाशा करके,
पेट भरत हैं बंजारा।।
एगो कारी भैंस,
दूं - चार गो कुत्ता,
लेके चलत हैं बंजारा।
न घर के जरूरत,
ना अतीत के चिंता,
तंबू लगा के हरदम खुश,
रहत हैं बंजारा।।
अब जंगल कट गइले,
बरसात भी न आइले,
कहा जइबे रे बंजारा।
अब पेड़वा के छांव,
हरियाली के भाव,
कहा पाइबे रे बंजारा।।
सुख गइले घसिया,
खत्म भईल सब शिकार।
ना रहले कंद - मूल,
मच गइले हाहाकार।
भूखे पेटवा लेके,
कैसे जियबे रे बंजारा।
ठंडा - ठंडा पानी,
कहा पियबे रे बंजारा।।
अब त जंगल छोड़,
चल शहर के ओर,
रोटी खोज रे बंजारा।
मजदूर भेष धर के,
रोजदारी रोज कर के,
पेट भरू रे बंजारा।।
टिकिट लेके लोगवा,
सर्कस देखे जाई।
मदारी और तमाशा,
कोई के ना भाई।
लकड़ - खपड़ हाथ से,
अब छोड़ू रे बंजारा।
कलम के मोल अब,
समझूं रे बंजारा।।
दिलवा दुःख से भरे,
अंखियां लोर ढारे,
अब मिट जइबे रे बंजारा,
बस इतिहास के किताब में,
मिटल जंगल के हिसाब में,
नजर अईबे रे बंजारा।।
धीरे - धीरे करके,
मिट जइबे रे बंजारा।
पर दुनिया के याद बहुत,
अइबे रे बंजारा।
पर दुनिया के याद बहुत,
अइबे रे बंजारा।।
ई गाना हमार नाही जंकी के बाबा योगिरा गावत था। बड़ी तेज - तर्रार और कलाकार नट था। ऊ अक्सर कहत था समय के साथ बंजारा के आपन आदत बदले पड़ेगा। कहता था बंजारा के आपन आदत बदलना होगा। और उसको इस बात का दुःख भी था कि बंजारा आपन पहचान खो देगा। उसका कहना था दिन पर दिन दुनिया बाजार बनत जा रहा हैं। अब दुनिया इंसानियत से कम और व्यापार से ज्यादा चलेगा। दुनिया के हर इंसान या तो खरीदार होएगा नाही तो विक्रेता होएगा। ऐसे में बंजारा को भी जीने के लिए रोटी के खातिर अपना को बाजार के अनुसार ढालना होगा। सही कहे तो दुनिया में वैश्वीकरण के नीति ने बंजारा को जंगल से निकालकर बाजार में खड़ा कर दिया हैं। उसे भी व्यापार सीखना पड़ेगा नाही तो रोटी खातिर तड़पे पड़ेगा।
तभी राम बोल पड़े हम लोग तो छोटे थे पर ऐसा क्या हुआ था कि आप सब बंजारे गांव से चले गए। कई बार जानने की कोशिश की पर जान नहीं पाए।
इसपर लुंगी ने कहा खाली एक कारण नाही था मालिकार कई कारण रहले। हम बंजारा अच्छा जगह के तलाश में रहत हैं। जब कोई ज्यादा अच्छा जगह मिल जात हैं हम अपना बोरिया -बिस्तर लेकर वहीं चले जात हैं। एक बंजारा दोस्त से एक दिन खबर मिलल कि कई बंजारा उतर - पूरब के जंगल में जाई रहल हैं ऊहा बहुत घनघोर जंगल हैं लकड़ी, शहद, फल और शिकार के भरमार हैं।
त पहिले आप लोग क्यों नहीं गए अजय ने टोकते हुए कहा।
इसपर लूंगी ने समझाते हुए कहा।पहले ऊहा खतरनाक जंगली शेर और तेंदुआ के कारण कई बंजारे मारे जा चुके थे। इसलिए वहां जाने से बहुत लोगन डरत थे। पर धीरे - धीरे ई जंगल उग्रवादियों और डकैतों का पुलिस से बचने का अड्डा हो गया। ये लोग जंगली जानवरन के मार के तस्करी करे लगले। धीरे - धीरे जंगली खतरनाक जानवर लगभग खतम हो गइले। जेकर नतीजा हुआ बहुत बंजारा ऊहा जाने लगे। हमकों भी जाने का मन था। पर जंकी के पिता योगिरा तैयार नहीं हुए बोलने लगे अब समय आ रहल हैं जब बंजारो को जंगल छोड़ना पड़ेगा। हमको भी इस बात का दुःख हैं पर बिना पढ़े - लिखे और देश के मुख्य धारा से जुड़े बिना हमार बच्चों का भविष्य सुरक्षित न रहेगा।
चूंकि हम सब बंजारा योगिरा को आपन मुखिया मानत थे इसलिए कोई गांव छोड़न को तैयार नाही हुआ। पर एकदिन एक कांड हो गया जो सब कुछ बदल दिया। योगिरा की मेहरारू मच्छरी नट बहुत सुघर थी और तोहार गांव के दुर्जन ठाकुर के सब्जी के खेत में मजदूरी करे गइल थी। उस दिन धूप बहुत था तो खाने के वक़त से थोड़ा पहिले दूसरे मजदूर पेड़ के नीचे आराम करने लगे। पर मच्छरी अपना काम कर रही थी। तभी दुर्जन अपने खेत पर पहुंचा और अकेले देख मच्छरी नट का हाथ पकड़ लिया और ज्यादती करने का कोशिश करने लगा।मच्छरी किसी तरह हाथ छुड़ाकर दुर्जन को चाटा मारकर वहां से भाग गई और योगिरा को बता दी।
योगिरा ने ये बात तोहार बाप के सामने रखा। इस पर एक पंचायती हुई। पंच के सामने दुर्जन ने हाथ पकड़ना स्वीकार किया पर साथ ही बोला उसका इरादा गलत नहीं था वो तो बस उसे खाना खाने के लिए कह रहा था और काम बंद करने को कह रहा था। पंचन ने पूछा और कोई दोसर ऊहा था। तो कोई जवाब ना मिला। फिर सबूत के अभाव में दुर्जन बच गया।
इसपर योगिरा नाराज होई गया और गांव छोड़ने का इरादा बनाई लिया। फिर इसपर एक सभा हुआ कि आखिर कहा जाना हैं। योगिरा शहर जाने को कहा पर दूसरे नट राजी नहीं थे। वो लोग उतर -पूरब के जंगल जाए चाहते थे पर आखिरी फैसला योगिरा का होना था। योगिरा मुखिया जो था। पर योगिरा ने मुस्करात हुए कहा अब पुरान नियम को माने के कोई जरूरत नाहीं हैं। सब कोई आजाद हैं जो चाहे जहां जा सकत हैं। पर कोशिश रहे साथ रहे तो अच्छा। हम तो शहर ही जाएंगे कहकर सभा खतम हो गई। एक दो दिन सब बंजारा के बीच कानाफूसी होत रही। फिर हम और योगिरा भाई शहर चल पड़े और दोसर साथी लोग उतर -पूरब के जंगल चल गए।
जग्गू बोल पड़ा फिर का हुआ? योगिरा बड़ा सही आदमी रहल होगा। लागत है हमसे मिलता तो हमार बहुत जमता उसके साथ। हमार दिमाग उससे मेल जो खाता। इसपर अजय ने हँसते हुए कहा जग्गू भाई आप खाली बात करत हो ऊ काम भी करता था। ऐसे ही मुखिया नहीं था वो।
जग्गू झल्लाते हुए कहा तोहके हमसे का प्रॉब्लम है। बात कुछ भी कहे हमार बतिया काट देत हो। हम तोहार बात कभी काटत है। तभी राम दोनों को चुप होने को इशारा किये और लूंगी कि बात सुनाने को कहे।
फिर लूंगी बोला योगीरा खाली काम ही नहीं करता था ऊ ढोलक चढ़ा के जब आल्हा गाता तो लोगन के हुजूम उमड़ जाता था। बड़े - बड़े जमींदार मुंहमांगा पैसे देबन को तैयार रहते थे और अच्छा खासा रकम दे के योगिरा को आपन समाज के मनोरंजन के वास्ते ले जात थे। जग्गू ने बीच में टोकते हुए कहा, तब तो योगिरा बहुत पैसा कमात होगा।
इसपर लूंगी ने कहा नाही जी योगिरा को आपन इज्जत ज्यादा पसंद था। सच तो ई था कि ओकर खुद आल्हा गाना भी बहुते पसंद था।
राम ने जिज्ञासापूर्वक पूछा ये आल्हा क्या होता हैं। तभी जग्गू ने झट से बोला मालिक आपको आल्हा नाही पता। बहुते बड़ा आउर खतरनाक कहानी हैं। आल्हा - ऊदल के लहरावत तेगा और पृथ्वीराज चौहान से मोहबागढ़ के भयंकर लड़ाई। सोनवा रानी के जादू। वाह का कथा हैं सुन के दिल जुड़ा जात है।
इसपर लूंगी बोला, जग्गू सही बोल रहा हैं। योगिरा बहुत अच्छा इंसान था, शरीर से बहुत मजबूत और दिमागवाला । ऊ जिंदगी को मस्ती से बिताने में भरोसा करत था और अपने परिवार के साथ बहुत खुश रहत था।
एक बार की बात हैं एक आवारा भैंसा सिमहर गांव में आतंक मचा रखा था। कई लोगन को दौड़ा - दौड़ा के घायल कर दिया था। एक बार तो एक आदमी को गांव से दूर बधार में दौड़ा दिया डर से आदमी पेड़ पर चढ़ गया। पर भैंसा भी रात भर पेड़ के नीचे बैठा रहा और आदमी रात भर पेड़ पर। सुबह हुई तो लोगन को पता चला फिर भैंसा को भगाया गया और आदमी पेड़ से उतरा।
भैंसा तो बहुत खतरनाक था पर ई सब हमलोग के कहे बता रहे हो जग्गू ने कहा। इसपर लुंगी ने कहा -
योगिरा बिगड़ैल पशुओं को वश में करने में माहिर था। कई बार मना करने पर भी ऊ नहीं मानत था और खतरनाक से खतरनाक जानवरों को ठीक किया था। इस बार भी सिमराहा गांव से एक संवादिया आया कि योगिरा भाई भैंसा को नाथ लगाना है तब ही भैंसा का आतंक कम होगा। हम इस बार भी योगिरा को जाने से मना किए पर ऊ काहे को माने। उसे तो ऐसे काम में मजा आता था सो चला गया।
लोग हल्ला करते हुए भैंसा के पीछे लग गए योगिरा डंडा लेकर फुर्ती से भैंसे के पीठ पर चढ़ गया और उसपर डंडा बरसाने लगा। बेचैनी में भैंसा एक नाले में कूद गया। दूसरे लोग डर से नहीं कूद पाए। योगिरा ने भैंसे को काबू करने की कोशिश की पर थोड़ी सी चूक बहुत भारी पड़ गया। भैंसे ने सींग से एक भयानक चोट योगिरा के छाती पर किया जिससे योगिरा मूर्छित हो गया। लोगों ने बचाने की बहुत कोशिश की पर बड़ी फुर्ती से भैंसे ने सींग से एक के बाद एक कई प्रहार किए जिससे योगिरा की जान चली गई।
अजय ने अफसोस करते हुए कहा ये तो बहुत बुरा हुआ। इसलिए लोग कहते है खतरा इतना भी नहीं मोलना चाहिए कि जान पर आ जाए। इसमें हम तो योगिरा को ही गलत कहेंगे। अपने नहीं तो कम से कम परिवार के बारे में सोचना था।
हा जो होना था वो हो चुका था। फिर मच्छरी काम की तलाश में हमलोग से दूर चली गई और मजदूरी करके घर का खर्चा चलाने लगी और बेटी को पढ़ाने लगी। हम कभी कभार उधर जाते तो मिलने चले जाते और कुछ छोटी मोटी चीजें भेंट में दे देते। एक बार जब उधर से गुजरे तो वो नहीं मिले। फिर आस पास वालों से पता चला मच्छरी भी चल बसी। हमरा आँख में आंसू आ गया और चिंता भी कि जंकी कहा हैं कैसी हैं। मेरी बेटी और जंकी बहुत दोस्त थी। मेरी बेटी तमाशा दिखावत थी पर जंकी पढ़ने जाती थी। योगिरा जंकी को बहुत पढ़ाना चाहत था। जंकी जो पढ़ कर आवत थी मेरी बेटी को पढ़ावत थी। जंकी के कारण मेरी बेटी अब भी सब पढ़ लिख लेत है।
एक पानवाले से पता चला कि जंकी को उसकी शिक्षिका ले गई। जब हम उस शिक्षिका के घर गए तो वहां भी वह नहीं मिली और शिक्षिका बोली हम नाही जानत हैं। और बोल पड़ी ऊ मरे या जिए हमको का फर्क पड़त हैं। हम बहुत बिनती किए पर ऊ डांट कर हमको भगा दी।
तब फिर आप जंकी से कैसे मिले। राम ने उत्सुकता से पूछा।
लूंगी ने कहा मालिकार थोड़ा दम लेने लीजिए। थोड़ा पानी पी कर आगे के बात बतावत हैं।
अगले भाग के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करे।

0 टिप्पणियाँ