नटिन : भाग-6 : प्यार रोमांस और तकरार



आगे की कहानी बताते हुए लूंगी ने कहा। जंकी को ढूंढते 7 साल हो चुके थे। हम उम्मीद भी छोड़ चुके थे कि वो जिंदा भी हैं। एक दिन हम ट्रक पर गट्टी लोड करके एक चाय के दुकान पर चाय पी रहे थे। हमारे ठेकेदार भी वहीं था। तभी ठेकेदार का दोस्त जो मुखिया से चुनाव हार गया था घबराए हुए आया और ठेकेदार से बोला टेढ़ा पुल पर एक बस पलट गइल हैं लोगन को हॉस्पिटल पहुंचना हैं। तोहरे पास कुछ लोग है तो देई दो। पईसा का फिकर नाही करो सब समझ लेंगे हम। फिर ठेकेदार के कहने पर हम 5 मजदूर घायल लोगन को सरकारी हॉस्पिटल पहुंचाने लगे। सब के हॉस्पिटल पहुंचा के हम सब बहुत थक गइल थे।  फिर हमसब बारी - बारी से हॉस्पिटल में लागल फिल्टर पर पानी पिये लगे। वहीं पर एक कागज लगल था जे पर छोटे - छोटे 15-20 फोटो लागल था। ओह में एक फोटो जंकी जैसा लगा। सब मजदूर में एक को पढ़ने आवत था तो उससे अरज किए कि भाई थोड़ा पढ़ के बताई दो का लिखल हैं। फिर उसने बताया कि एह ब्लॉक में ई महीना में जे आशा बहन सबसे ज्यादा स्त्री मरीजन को सहयोग किए है उनका ई फोटो हैं। और ई लड़की का नाम जानकी हैं।
हम को तो मानो काठ मार दिया। सब थकान भुला गए और दौड़ पड़े अस्पताल के सहायता केंद्र पर। दिन भर दौड़न - धूपन के बाद जंकी का पता मिला। हम उसी दिन जंकी के घर चल गए। जाते ही एक बूढ़ी औरत मिली और इंतजार करने को बोली। हम सोच नहीं पा रहे थे वो बूढ़ी औरत कवन थी। तभी एक छोटी 4 साल की बच्ची भी दिखी। शक भी होने लगा कि कहीं गलत पता पर तो नाही न आ गए हैं। तभी बूढ़ी मुस्कुराने लगी और बोली तुम लूंगी हो का? हम कहे हा। पर आपको कैसे पता। बूढ़ी माता बोली जानकी बोलती है उसका कोई नही हैं जमाने में। अगर कोई नाम पूछे मेरा तो आप भी उससे नाम पूछ लेना। जवाब लूंगी काका मिलेगा। का ई बात सही हैं। हम सिर हिलाकर बोल दिए हा बूढ़ी माता।

लूंगी ने जो कहानी जानकी के बारे में बूढ़ी माता से सुना था वो सब विस्तार से राम को बता दिया। जो इस तरह था।

बूढ़ी माता बोलने लगी जानकी बड़ी अच्छी लड़की है। बहुत दुःख सही है। हमरा कोई औलाद नही था। इसका दुःख देख के इसे अपना बेटी मान लिए। फिर लूंगी ने पूछ लिया क्या जानते हैं जानकी के बारे में। 

बूढ़ी माता ने कहा कभी उजड़े बागों से निकलकर बसंत बहार की सपने देखने वाली जानकी की जिंदगी फिर से पतझड़ के पत्तों से भर गई। फिर जानकी ने इन पतझड़ के उजाड़ बागों को ही अपना घर बना लिया और फूलों के बगैर ही मुस्कुराना सीख लिया।

तभी लूंगी बोल उठा कुछ समझ नाही आईल माता। उसने बोला तो सुनो विस्तार से।

मां के देहांत के बाद जानकी बिल्कुल अनाथ हो गई थी। न सिर पर कोई हाथ था न रहने का कोई आशियाना। एक फूस की मड़ई थी वो भी सरकारी जमीन पर। 

फिर उसकी  शिक्षिका ने उसे आश्रय दिया। उस समय वो नवीं कक्षा में थी। उस शिक्षिका की बेहतरीन शिष्या थी वो।शिक्षिका का एक बेटा भी था जो कॉन्वेंट स्कूल में 8 वीं कक्षा में पढ़ता था। घर में जाते ही वो अपने बेटे को बुलाई और कहा आज के बाद तुझे राखियों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। राखियों से तेरे कलाई को सजाने वाली तेरे सामने हैं। बस तुम भी इसके राखियों का मान रखना। आज से ये अनाथ नहीं तुम्हारी बहन हैं। 

शिक्षिका के दिल में वो बेटी का जगह बना चुकी थी पर बेटा को ये कभी मंजूर नहीं था। अकेले में अक्सर वो जानकी का मजाक उड़ाया करता और कहता देखते है 10 वी में कितने विषय में तुम फेल करती हो। फिर 10 वी का परिणाम भी आया और जानकी प्रथम श्रेणी में पास कर गई। शिक्षिका ने खुशी से जानकी से पूछा अगर तुमको कोई कुछ उपहार देना चाहे तो तुम्हें कौन सा उपहार पसंद होगा । जानकी ने खुशी से कहा घड़ी। शिक्षिका ने कहा क्यों?

जानकी ने कहा हम बंजारो के लिए समय का पैमाना सूर्य थे। सूर्योदय से दिन के समय की शुरुआत और रात के आखिरी पहर को उस दिन का अंत माना जाता था। पर अब पता चला पढ़ी - लिखी दुनिया सूर्य - चांद के समय से नहीं बल्कि कलाई पर बंधी घड़ी से चलती हैं। हमने तो घड़ी पर कुछ पक्तियां भी लिखी है जो इस तरह हैं।

सुनी जो कलाइयों पर,
काश शोभा बढ़ाती घड़ियां,
फिर समय का पैमाना भी,
अपना होता।
भूल जाते गुजरा,
बीता अपना अतीत,
फिर वर्तमान और भविष्य भी,
अपना होता।
रूबरू होते दुनिया के,
अनोखे हर रंग से,
फिर जीनव रूपी इन्द्रधनुष,
समय के साथ,
अपना होता।।

शिक्षिका ने जानकी का हौसला बढ़ाते हुए कहा बहुत सुंदर पंक्तियां हैं। सागर तुम भी अपनी बहन से कुछ सीखों। सागर कुछ नहीं बोला और उठ कर चला गया। जानकी मंद - मंद मुस्कुराते हुए अपने कमरे में चली गई।

करीब 1 बजे रात को सागर जानकी के कमरे में दाखिल हुआ और कहा तुम बहुत सुंदर हो और अब हमें बहुत पसंद आती हो। इसपर जानकी ने कहा तुम भी बहुत अच्छे हो भाई। इसपर सागर ने भड़कते हुए कहा तुम मेरी बहन के लायक नहीं हो। मेरा कहना कुछ और है। इसपर जानकी ने सर झुकाते हुए कहा हम नहीं जानते आप क्या सोच रहे हो मैं सोने जा रही हु आप भी सो जाओ। इसपर सागर ने पीछे से जानकी को पकड़ लिया और कहा तुम वही करो जो मैं चाहता हु। इसपर जानकी ने कहा अभी मैं शोर मचाती हु। इसपर सागर ने कहा ठीक हैं तुम चाहती हो तो मैं चला जाता हूं। जानकी सर झुकाकर खड़ी रही और सागर इधर - उधर कमरे में घुमा जानकी की अलमीरा को खोला और बंद किया फिर चला गया। जानकी काफी डर गई थी।

जानकी सुबह उठी तो देखी मां बेटा में नोंकझोंक हो रही थी और शिक्षिका बोल रही थी जानकी ऐसा नहीं कर सकती। जानकी बीच में टोकते हुए बोली क्या हुआ। इसपर शिक्षिका बोल उठी कि पिछले जन्मदिन पर हम इसे एक इंपोर्टेड घड़ी उपहार में दिए थे जो इसने कहीं उसे गुमा दिया हैं। बचपन से ही इसे भूल जाने की आदत हैं और तुमपर ये शक कर रहा हैं। 

इसपर जानकी बोल उठी मैंने ऐसा नहीं किया हैं पर एक बात जो आज रात हुआ और आपको बताना चाहती हूं। आप भरोसा करेंगी। शिक्षिका ने आश्चर्य से कहा क्या बात है बोलो। इसपर जानकी ने रात की घटना बताई। इसपर शिक्षिका जानकी पर आग बबूला हो गई और बोली मेरा बेटा जिद्दी है मानती हु तुम से उसकी नहीं बनती ये भी पता है। पर तुम जो आरोप उस पर लगा रही हो वो बिल्कुल झूठ और निराधार हैं। अगर ऐसा था तो तुम रात को हमे क्यों नहीं बताई।

तभी सागर ने कहा ये अपना चोरी छुपाने के लिए कह रही हैं। और कहते हुए जानकी के रूम में तलाशी करने लगा और अंत में अलमीरा से घड़ी निकाल कर मां के हाथों में थमा दिया। शिक्षिका ने जानकी की तरफ गंदा सा मुंह बनाते हुए कहा हम तुम्हें क्या ही कहे। बड़ा नाज था तुमपर कहते हुए अपने कमरे में जा कर कुंडी लगा ली।

जानकी पत्थर की मूर्ति बनकर अकेले कुछ देर खड़ी रही आंखों से आंसू बहते रहे। फिर अपने हाथों से आंसू पोछकर घर से निकल पड़ी और सड़क पर चलने लगी। लगभग 1 घंटे धूप में चलने के बाद एक मंदिर मिला जहां वह बैठ कर आंसुओं को रोकने की कोशिश करने लगी। लोग आते रहे जाते रहे। तभी एक औरत अपने छोटे बच्चे के साथ मंदिर में आई। जाते वक्त उसका छोटा बच्चा बोलने लगा दीदी रो रही हैं। उसकी मां ने उसे रोकना चाहा पर वो दौड़कर जानकी के समक्ष खड़ा हो गया और तुतली भाषा में पूछा आप क्यों दुःखी हो। इतना कहना ही था कि जानकी ने कहा मैं दुःखी नहीं हूं पर आंसू खुद ब खुद आंखों से झरने लगे। फिर बच्चें की मां ने जानकी के सर पर हाथ रख दिया और पूछा खाना खाई हो? जानकी के आंख से गिरते आंसू ही हर सवाल के जवाब थे। फिर क्या था उस औरत ने उसे अपने कार में बिठाया, घर ले गई और खाना खिलाया।

ये एक कारोबारी परिवार था। महिला का नाम पुष्पा और उसके पति का नाम सुरेश था। उनसे एक बेटा अंश था। जब परिवार को पता चला कि जानकी अनाथ है तो उन लोगों ने अपने पास जानकी को ठहरने को कहा। बोले तुम छोटी - मोटी घर का काम करते रहना पढ़ाई भी कर सकती हो और जबतक चाहो यहां रह सकती हो। पर नट जाति होने के कारण परिवार थोड़ा असमंजस में था। फिर सुरेश की पत्नी ने कहा अगर तुम यहां रुकना चाहती हो तो एक बात ध्यान रखना अपना सही परिचय किसी को मत बताना। कोई पूछे तो कह देना तुम हमारी दूर के रिश्तेदार हो।

कोई दूसरा विकल्प न होने के कारण जानकी वहां रुक गई। घर में झाड़ू पोछा करती फिर मेडिकल स्टोर चली जाती सुरेश के साथ। 

सुरेश ने एक युवक को बुलाते हुए कहा ललन ये जानकी हैं , अब यही काम करेगी। तुम इसे बताते रहना क्या करना हैं।

ललन बड़े बिंदास अंदाज का था। सपने बड़े थे उसके पर वक्त और परिस्थितियों ने उसे मेडिकल स्टोर पर काम करने को मजबूर कर दिया था। सरकारी नौकरी की तैयारी करता था रहकर। IAS के तैयारी से शुरू हुआ सफर अभी क्लर्कियल की पटरी पर चल रहा था। घर से दूर उसके छोटे एक कमरे में वो सारे इंतजाम थे जो एक परिवार के पास होते है। चाहे वो खाना बनाने का रसोई हो सोने के लिए बिस्तर हो या जरूरत के समान रखने की जगह। मां बाप के भेजे पैसे कम पड़ जाते थे इसलिए ललन पार्ट टाइम जॉब करता था।

धीरे - धीरे जानकी और ललन की दोस्ती बढ़ने लगीं। कई बार दवाइयों की पेटी अलग - अलग दुकानों और अस्पतालों में वो साथ जाकर पहुंचाया करते। ललन को मुफ्त में सुरेश से बाइक मिल जाती फिर जानकी बाइक पर पीछे दवा की पेटी लेकर बैठ जाती और काम के साथ - साथ दोनों बाइक सवारी का भी आनंद उठाते।

एक दिन परेशान लग रहे ललन से जानकी पूछ बैठी। क्या बात हैं किसी का मुंह लटका सा हैं। इसपर ललन ने कहा इसमें छुपाना क्या हैं सच में मटका जो हैं लटका हैं। जिसे मन किया जहां लटका दिया। जानकी बोल उठी हम तो मजाक किए थे तुम तो दिल पर ले बैठे। इसपर ललन ने कहा काश अपने दिल पर भी अपना अधिकार होता। तभी जानकी बोली कुछ तो हुआ हैं। आप चाहो तो हमें बता सकते हो।

इसपर ललन थोड़े समय सोचा फिर भावुक होकर बोलने लगा। घर वाले मेरी शादी करवाना चाहते हैं। ठीक हैं तो कर लो इसमें दिक्कत क्या हैं जानकी ने झट से कहा। इसपर ललन ने झल्लाते हुए कहा - तुम पूरा बात तो सुना करो। फिर जानकी ने कहा ठीक है बोलो।

कल एक लड़की की फोटो हमें दिखाया गया जो मुझे बिल्कुल रास न आई। पर शादी के लिए दबाव बनाया जा रहा है। सब बोल रहे हैं अकेली लड़की हैं अच्छा खासी संपत्ति हैं। पर हम बिल्कुल राजी नहीं हैं। पर तुम क्यों राजी नहीं हो जानकी ने पूछा। हम गुलाम बनकर किसी पर बोझ नहीं बनना चाहते। हम खुद के पैर पर खड़े होकर शहंशाह की तरह जीना चाहते हैं। इसपर जानकी ने पूछा पर ये संभव कैसे है? शिक्षा जानकी शिक्षा। मेरी पढाई की गाड़ी अभी पटरी पर तेजी सी आगे बढ़ रही हैं। बस कुछ समय मिल जाए तो मेरी तेज दौड़ती गाड़ी मुझे मेरी मंजिल तक जल्द ही पहुंचा देगी। पर ये शादी की कोशिश मेरे गाड़ी को पटरी से उतार देगी। फिर जिंदगी किसी गुमनाम गली के अंधेरे में भटकने लगेगी।

इसपर जानकी बोल उठी। मेरे पापा भी कहा करते थे अब शिक्षा बगैर जिंदगी दुनिया की नजर में हमें जानवर बना देगी। और शिक्षा का पहला स्वाद मुझे मेरे बचपन के बहुत ही अच्छे और भोले - भाले दोस्त राम से मिला था। उसने कहा था शिक्षा इसलिए नहीं जरूरी कि तुम बहुत पैसा कमा सको बल्कि शिक्षा इसलिए जरूरी हैं ताकि तुम दुनिया में या अपने आस - पास समाज में हो रहे सामाजिक, राजनीतिक , आर्थिक और तकनीकी बदलावों को सुगमता से समझ सकों। राम के साथ हम हिंदी वर्णमाला सीखे, गिनती,पहाड़ा, जोड़ घटाव और हिंदी पढ़ना सीखे। आज भी राम का मुस्कुराता मासूम चेहरा जब याद आता है तो जी करता है काश जिंदगी में कभी उससे मिल पाती। पर शायद ऐसा संभव नहीं हैं। 

तभी ललन ने टोकते हुए कहा, असंभव तो कुछ भी नहीं हैं। आज नहीं तो कल हम भी अपने मंजिल तक जरूर पहुंचेंगे। पर बातें तो तुम भी बड़ी - बड़ी करतीं हो पर पढ़ाई क्यों नहीं करती। 

इसपर जानकी भावुक होते हुए बोली पढ़ने का मन तो बहुत हैं। सुरेश काका थोड़े पैसे भी अब दे देते हैं जिसे संभाल कर रखती हु पर पढ़ना क्या है कैसे पढ़ना हैं पता नहीं। इसपर ललन बोल उठा मुझसे ट्यूशन ले लो वो भी फ्री में। इसपर जानकी ने खुशी से कहा सच्ची? इसपर ललन ने हंसते हुए कहा हा पगली मुच्ची। 

फिर क्या था ललन ने भागदौड़ करके जानकी का नामांकन कॉलेज में करा दिया और अपने जानकार प्राचार्य से मिलकर जानकी के बारे में बताकर उन्हें जानकी को कम से कम क्लास करना पड़े राजी कर लिया। फिर जानकी ललन के नोट्स लेकर पढ़ने लगी। जानकी को ललन के रूप में एक मुफ्त का शिक्षक भी मिल गया था जो हमेशा कुछ नई चीजें उसे बताया करता था।

जानकी कई बार ललन के कमरे पर पढ़ने के लिए चली जाती। फिर ललन को प्यार से ताने मारकर कमरे की सफाई करती और कई जरूरी काम में ललन का हाथ भी बटा देती। ललन कई बार शहर से बाहर नौकरी की तलाश में परीक्षा देने जाता । उस समय जानकी ललन का बैग सजाने की जिम्मेदारी ले लेती थी। उसमें खाने का सामान और उपयोग की वस्तुएं बड़ी अच्छे ढंग से रखा करती थी। परीक्षा देकर ललन जब लौटता तो जानकी के लिए कुछ - न - कुछ उपहार जरूर लेकर आता।

ऐसे ही समय बीतता गया। जानकी बारहवीं प्रथम श्रेणी में पास कर चुकी थी और स्नातक में दाखिला ले चुकी थी। चूंकि ललन ने जानकी के लिए बहुत कुछ किया था बतौर ललन के प्रति जानकी के दिल में पनपा प्यार का अंकुर अब धीरे-धीरे वृक्ष बनने लगा था। बस जानकी इजहार न कर पाती थी। कारण भी अनेक थे। समय ने जानकी से बहुत कुछ छीना था । पर वो ललन को खोना नहीं चाहती थी इसलिए वो अपने दिल की बात इजहार किए बिना ललन की हर खुशी में अपनी खुशी देखने लगी थी। 

अब वो ललन से खुलकर बात नहीं करती थी। बात - बात में मुस्कुराती और शर्माने लगी थी। ललन इन बदलावों को महसूस करने लगा था। दोनों बिल्कुल जवान हो चुके थे। जानकी बचपन से ही सुंदर थी पर जवानी की चादर ने उसके सुंदरता में चार चांद लगा दिया था।

एक दिन सुरेश ने ललन और जानकी को बुलाया और बोला हम परिवार सहित गर्मी की छुट्टियों पर 15 दिन के लिए कश्मीर जा रहे है। तुम दोनों मेरे घर पर ही रहना और दूकान खोलते रहना। कुछ दिक्कत है तो बता दो। ललन ने कहा कोई दिक्कत नहीं सर हम सब सम्भाल लेंगे।

फिर दोनों सुरेश के घर पर ही रहने लगे। जानकी अच्छा खाना पका लेती थी। ललन को जानकी के हाथ का खाना बहुत पसंद आने लगा और इस लिए कई बार वो जानकी का बड़ाई भी करता था और जानकी शर्मा कर मुस्कुराते हुए शुक्रिया कह देती थी। कई बार जानकी के मना करने पर भी ललन जानकी को रसोई में जाकर सहयोग करता, फिर दोनों बाते करते, एक साथ पढ़ते और रात को अपने अपने कमरे में सो जाते।

एक दिन अचानक रात में बारिश होने लगी। बिजलियां भी कड़क रही थी। ललन खिड़की के पास खड़े होकर बारिश को निहारे जा रहा था। बारिश के फुहारे उसके चेहरे पर आ रहे थे। तभी पीछे उसे कुछ महसूस हुआ। जब वो पलटा तो देखा जानकी शांत खड़ी थी। वह घबराते हुए बोला इतनी रात यहाँ। जानकी ने उसे बाहों में भरते हुए कहा डर लग रहा था। तभी ललन ने कहा हमें भी अब डर लग रहा हैं। फिर दोनों बहकी - बहकी बातें करते हुए बारिश देखने लगे और मानों उनपर एक अजीब सी खुमारी छाने लगी।

आज दोनों पर जवानी का पागलपन इस कदर परवान चढ़ा कि सारी सामाजिक बेड़ियां तिनकों की तरह टूटकर जवानी के भवर में कहीं बह गई। दोस्ती से शुरू हुआ सफर प्यार के सुनहरे अहसास से गुजरते - गुजरते आज दो जिस्म एक जान के मोड़ तक पहुंच गया। जब होश आया तो दोनों के पास एक अजीब उलझन पूर्ण दुविधा भरे एहसास के अलावा कुछ और न था।

फिर दोनों अपने - अपने कमरे में सो गए। आज जानकी देर से उठी जब उसने दरवाजा खोला तो लाल गुलाब से बना एक सुंदर गुलदस्ता उसका इंतजार कर रहा था। उसने गुलदस्ता उठाया तो देखा उसमें एक लिफाफा था जिसपर बड़े - बड़े अक्षरों में Sorry लिखा था और नीचे लिखा था तुम्हारा ललन। जब जानकी ने लिफाफा खोला तो एक सुंदर कार्ड मिला जिसपर बड़े - बड़े अक्षरों में I love you लिखा था। फिर जानकी इधर - उधर देखी पर कोई नजर ना आया। उसने ललन - ललन कई दफा आवाज दिए पर गूंजती हुई आवाज के अलावा जानकी के पास कुछ भी नहीं आया।

फिर ललन का पसंदीदा नाश्ता डोसा बनाकर वो दुकान पर चली गई। जाते ही उसने ललन से गुस्साते हुए कहा क्या था वो? क्या था वो? इसपर ललन सकपका गया और बोला sorry तुम गुस्सा मत करो। हमें जो अच्छा लगा वो कर दिए पर तुम अपने हिसाब से जो अच्छा लगे वही करो। तुम टेंशन ना लो हम आगे भी वैसे ही तुम्हारा दोस्त रहेंगे जैसा आजतक है। तुम्हारे गुस्सा से हमें जवाब मिल गया हैं। ललन ऐसे ही कुछ - कुछ बोलता रहा और जानकी उसे एकटक निहारती रही। 

तभी जानकी ने टोकते हुए कहा तुम्हारा बकवास खत्म हो गया हो तो हम कुछ कहे। ललन चुप हो गया। फिर जानकी ने लंच बॉक्स बढ़ाते हुए कहा ये लो अपना नाश्ता और फटाफट खत्म करो। ललन ने कहा रख दो हम खा लेंगे। इसपर जानकी ने चिल्लाते हुए कहा बस तुम अपनी मनमानी करते हो। कभी - कभी कुछ चीजे मेरा मन रखने के लिए भी तो कर लिया करो। चलो खा लो।

ललन ने कहा आज तुम कुछ ज्यादा ही गुस्से में लग रही हो। लाओ खा लेते हैं। लंच बॉक्स खोलते ही बोला वाह क्या बात है डोसा। तभी जानकी ने ललन को पीछे से पकड़ लिया और बोला I love you too। फिर क्या था ललन तो पागल सा हो गया और लंच बॉक्स किनारे रखते हुए आसपास देखकर की कोई नहीं है जानकी के कोमल गाल को चूम लिया और बोला अभी तो तुम गुस्से में थी।

जानकी ने मुस्कुराते हुए कहा तुम कभी तो मुझे समझ लिया करो। वो गुस्सा तो दिखावा था उसके अंदर के प्यार को तुम समझ नहीं पाए। कभी फुरसत मिले तो किताबों से बाहर भी देख लिया करो। 
इस जहां में केवल तपिश का मौसम ही नहीं, वसंत बहार भी आता है। सुंदर फूल भी खिलते हैं। और हल्के ठंड फुहारों से सावन आग भी लगाता हैं।

कहीं ऐसा ना हो जब तुम किताबों से बाहर आओ तबतक काफी देर हो जाए और फिजा में बिखरी खूबसूरती को किसी की नजर लग जाए। ललन सिर झुककर खाते रहे और दोनों में प्यार मुहब्बत की बातें होते रही।

एक दिन की बात है ललन ने शाम को जानकी से अपने रूम पर आने को कहा। जानकी ने कहा आज काम बहुत है कल आ जाऊंगी। पर ललन के जिद पर जानकी उसके रूम पर गई। ललन ने जाते ही उसे बाहों में जकड़ लिया। और उसे एक उपहार दिया और पूछा कैसा हैं ये उपहार। उपहार खोलते ही जानकी के होश उड़ गए और आश्चर्य से बोल उठी स्कर्ट और टॉप ना बाबा ना। हमने ऐसे कपड़े कभी नहीं पहने। इसपर ललन ने कहा अब तो और भी ऐसे - ऐसे उपहार तुम्हें नसीब होंगे। तभी जानकी बोली लोग क्या कहेंगे ऐसा कपड़ा देखकर। ललन बोला हमेशा थोड़े पहनना हैं बस कभी - कभी की बात हैं। चलो आज पार्टी करने चलते हैं। आज वो दिन आ ही गया जिसे मुझे वर्षों से इंतजार था मेरी मंजिल आज खुद चलकर मेरे पास आई हैं। तभी जानकी खुशी से चिल्लाते हुए बोली मतलब नौकरी पक्की। इसपर लालन ने कहा हा मेरी जान आज तेरा ललन दरोगा बाबू हो गया और ऐसा कहते ही दोनों एक दूसरे के बाहों में लिपट गए। फिर दोनों रात में शहर के बड़े होटल में जाकर पार्टी किए।

देर रात जब जानकी घर पहुंची तो उसे मेमसाहब की नाराजगी का सामना करना पड़ा। मेमसाहब ने मुंह बनाते हुए कहा इतनी रात को शरीफों के घर की लड़कियों के पैर घर के बाहर नहीं होते। इसपर जानकी बोली गलती हो गई आंटी आगे से ऐसा नहीं होगा। इसपर मेमसाहब बोल उठी गलती तेरी नहीं गलती हमारी हैं जो तुझे शरीफ समझ बैठे।

फिर दिन, महीने बीतते गए और ललन और जानकी की प्रेमकथा अनवरत आगे बढ़ते रही। तभी एकदिन ऐसा भी आया जब ललन और जानकी के होश उड़ गए। पेटदर्द की शिकायत पर ललन और जानकी अस्पताल पहुंचे जहां पता चला जानकी 4 महीने से प्रेगनेंट हैं। अब उनके सामने एक बहुत बड़ी समस्या खड़ी हो गई। ललन और जानकी को कुछ समझ में नहीं आ रहा था। वो दोनों घर आकर सारे घरेलू नुख्से अपनाए पर बच्चे का ऑबर्शन नहीं हो पाया। वो एक बार फिर अस्पताल का दरवाजा खटखटाए पर इस बार डॉक्टर ने चेतावनी दे डाली कि इसमें जानकी को खतरा है। या तो वो कभी मां नहीं बन सकती या जिंदगी भर छोटी - मोटी समस्याओं से परेशान रहेगी। और ऐसे में व्यक्तिगत तौर पर मैं ऑबर्शन का सलाह नहीं दूंगी। अब तो बच्चा जिंदा भी है उसकी धड़कने भी चल रही हैं। पर फैसला आप दोनों के हाथ में हैं। ललन ने कहा कुछ भी हो हमें बच्चा ऑबर्शन कराना हैं। डॉक्टर ने कहा तुम लोग बहार इंतजार करो हम इसका इंतजाम करवाते हैं।

जानकी काफी उदास बैठी थी। तभी एक अधेड़ दंपति सामने आकर बैठा। औरत के हाथ में एक नवजात शिशु था। छोटे - छोटे हाथ पैर, कोमल अंगुलिया खून से लाल होंठ और गोद में हल्की अंगड़ाई लेते नवजात को जानकी ध्यान से निहार रही थी। तभी औरत पूछ बैठी तुम भी मां बनने वाली हो क्या। इसपर एक बनावटी मुस्कुराहट देने के अलावा जानकी कुछ ना बोल सकी। तभी उस औरत ने बच्चे के सिर को सहलाते हुए कहा तुम्हें नहीं पता इस बच्चे के बिना हमारी जिंदगी नर्क सी हो गई थी। काफी अस्पतालों के चक्कर काटने और मन्नतों के बाद हमें हमारा गोलू - मोलू नसीब में आया है। फिर वो बच्चे के साथ खेलने में मशगूल हो गई।

थोड़ी देर जानकी बैठी रही फिर अचानक उठ कर चल दी। ललन उसके पीछे - पीछे चलता रहा और पूछा क्या हुआ? पर जानकी की उदासी, चेहरे पर फैली बेचैनी, बरसती आँखें ये बताने के लिए काफी थे कि वो अब ऑबर्शन कराने के पक्ष में कतई नहीं थी। 

ललन की जानकी को ऑबर्शन को राजी करने की सारी कोशिशें बेकार हुई। इसपर ललन ने झल्लाते हुए कहा आखिर तुम ही बता दो क्या करना हैं? जानकी ने रोते हुए कहा मैं कुछ नहीं जानती पर इस मासूम के खून का गुनाहगार नहीं बन सकती जो बस और बस मेरे और तेरे प्यार का हकदार है। तुम ऐसा कैसे सोच सकते हो तुम अपने बच्चें को प्यार करने के बजाए मारने की सोच रहे हो। और इसलिए कि समाज क्या कहेगा। मैं पूछती हूं वो तुम ही हो जिसने इसी समाज के फैसले को ताख पर रखते हुए अपने कैरियर के लिए शादी से इनकार किया था। तब भी समाज ने तुम्हारी हंसी उड़ाई थी। आज वही समाज तुम्हारी सफलता पर तालिया बजा रहा हैं। आज फिर हम दोनों उसी मोड़ पर खड़े हैं। समाज कुछ भी कहे अपने बच्चें की रक्षा करना हमारा कर्तव्य हैं। कुछ भी हो मैं अपने बच्चें को कुछ नहीं होने दूंगी। अगर लड़ना भी पड़े तो जीते जी समाज के हर कुरीतियों से लड़ूंगी जो मेरे और मेरे बच्चें के बीच में आएगा। इस पर ललन ने चिल्लाते हुए कहा पागल मत बनो समय के नजाकत को तो समझो। अभी हमारी शादी भी नहीं हुई हैं। जो हुआ हमारी गलती थी। तभी जानकी ने पलटकर कहा गलती? कैसी गलती? क्या हमारा प्यार करना हमारी गलती थी? अगर थी तो पहले ही दिन तुमने इनकार क्यों नहीं किया। उस समय तो तुम भी मेरे सुंदरता के कशीदे पढ़ते थे। सच तो ये है कि हम दोनों को पता है जो भी हुआ हम दोनों की रजामंदी से और होशोहवाश में हुआ। समाज उस दिन भी वैसा ही था जैसा कि आज। फिर ये मासूम क्यों गुनाहगार हो गया। अगर कोई गुनाहगार हैं तो हम तुम हैं या तुम्हारा रूढ़िवादी समाज। अगर बच्चें को मार दिया जाए तो हमें शरीफ होने का तमगा पहना दिया जाएगा वरना समाज की गंदगी कहकर गाली भी दिए जायेंगे। पर तुम तो पुरुष हो तुम्हें तो समाज बड़ी आसानी से एक छोटी सी गलती कहकर क्षमा कर देगा गाली तो मैं बन जाऊंगी। पर मुझे समाज की हर गाली मंजूर है पर किसी बेगुनाह मासूम की हत्या नहीं। चाहे गाली देने वालों में तुम ही क्यों न हो।

इसपर ललन तिलमिला गया और जानकी को एक थप्पड़ लगाते हुए कहा। अपने जुबान को लगाम दो। कितना बोलोगी। इसपर जानकी ने कहा और मारो मुझको तुम और कर ही क्या सकते हो। उस रात मेमसाहब ने बड़ी झट से कह दिया शरीफ घर की लड़कियां इतने रात तक बाहर नहीं रहती। मैंने अपना गलती मान भी लिया। पर वो मेमसाहब को कौन बताए की उनके पति दिन के उजाले में जो रंगीन कृत्य करते हैं वो तो कोई रात के अंधेरे में भी नहीं सोच सकता। उनके प्रेम प्रसंग की कहानियां तुम भी जानते हो। पर वो तेरे लिए या समाज के लिए कभी गाली नहीं बन सकते। और ऐसे भी मर्दों के कायर हाथ औरतों पर तब ही उठते है जब कुछ कठिन सवाल उनके मर्दानगी को ललकारने लगते हैं और वो कमजोर पड़ने लगते हैं। और इस कायरता को वो अपनी मर्दानगी समझते हैं।

फिर ललन ने कहा माफ कर दो गुस्से में मैंने तुमपर हाथ उठाया ये मेरी कायरता थी। जानकी झट से बोली मैं तो तुम्हें माफ करने के अलावा कुछ और कर भी क्या सकती हु। हमें तो जन्म से सिखाया जाता हैं औरत करूणा और दया की प्रतिमूर्ति होती हैं। क्षमा की देवी होती हैं। गुस्सा और हिंसा का गुड़ तो हमारे हिस्सा में आया ही नहीं वो सब तो पुरुषों को थमा दिया गया। अब मेरा फैसला भी सुन लो मैं तो ऑबर्शन करवाने से रही। तुम अपना सोच के बता देना। हमें तुम्हारा हर फैसला मंजूर होगा प्यार जो तुम्हें करती हूं। 

ललन थोड़ा देर बिल्कुल शांत रहा और फिर चुपचाप वहां से निकल गया। अगले दिन ललन जानकी को अपने कमरे पर ले गया ताकि सामने खड़ी समस्या का कोई हल निकाला जा सके। आज का दिन जानकी के जिंदगी के लिए एक अहम दिन साबित होने वाला था। 

ललन ने शांत बैठी जानकी से पूछा ये तो तय है तुम बच्चे को जन्म दोगी पर अगर कोई इसके बाप का नाम पूछेगा तो क्या जवाब दोगी। इसपर जानकी ने कहा ये तो बहुत सरल हैं अगर तुम्हारे साथ रही तो ये सवाल ही नहीं पूछा जाएगा। पर तुम्हारे सवाल की भाषा ही बता रही है तुम मुझसे दूर जानेवाले हो। पर चिंता मत करो मैं अकेले रहना भी सीख लूंगी और तुम्हारा नाम भी समाज में खराब ना होगा। बस थोड़ा दुःख होगा, मेरे बच्चे पर नाजायज का ठप्पा जो लग जाएगा। ललन ने कहा मेरे कहने का मतलब ये नहीं था। तुम्हें भी पता हैं कुछ दिनों में मुझे नौकरी ज्वाइन करनी है। और कुछ महीने खुद परेशान रहूंगा। फिर घरवालों को भी तुमसे शादी के लिए मनाना पड़ेगा। वो जैसे भी है आखिर उनके सहयोग के बिना मैं ये मुकाम हासिल नहीं कर पाता। मैं उनसे झूठ भी नहीं बोल सकता और न ही उनकी सहमति बगैर शादी करूंगा। इसलिए थोड़ा समय दो मुझे। एक बार नौकरी ज्वाइन कर लू फिर तुम्हारे घरवालों को अपने घरवालों से मिलाने की योजना बनाऊंगा। 

इसपर जानकी ने हताश होकर उतर दिया तब तो ललन बाबू आपको आपकी नौकरी मुबारक। शादी तो होने से रही। मैं तो अनाथ हूं। क्या बोल रही हो ललन ने आश्चर्य से कहा। तुमने तो कहा था तुम सेठ के दूर के रिश्तेदार की बेटी हो। तुम इतना बड़ा झूठ कैसे बोल सकती हो।

जानकी ने कहा ये अनाथ होने का दर्द और समाज के भेदभाव पूर्ण रूढ़िवादी नियमों ने मुझे ना चाहकर भी झूठ बोलने को मजबूर किया। जब मुझे सर छुपाने को न कोई छत था और भूखे पेट को रोटी देने को न कोई बढ़ता हुआ हाथ था तब सुरेश अंकल और मेमसाहब ने मुझे जिंदा रहने का जरिया दिया। पर वो जिंदगी भी एक शर्त में बंधी मिली। वो शर्त थी मेरी पहचान छुपाने की। सेठ को समाज में शरीफ का दर्जा प्राप्त था। सेठ को मेरी पहचान से कोई दिक्कत न थी पर समाज को मेरे पहचान से दिक्कत थी। समाज की नजर में एक नेटुआ की औलाद शरीफ के बराबर में कभी खड़ी नहीं हो सकती थी। पर सेठ ने दरियादिली दिखाई और मुझे अपने परिवार में बराबर का दर्जा दे डाला और मुझे अपनी पहचान छुपाने को मजबूर कर दिया। सेठ को लगा ये छोटी सी बात है पर वास्तव में उसी दिन मेरी पहचान का गला घोंट दिया गया था। मैं भी क्या करती जीने का शौक मुझे भी था । अतः मैं शर्त के अनुसार खुद को सेठ के दूर के रिश्तेदार की बेटी बताने लगी। पर मुझे पता था एक - न - एक दिन मेरी पहचान सामने तो आयेगी पर इस तरह आएगी और मेरे जीवन में सैलाब लाएगी पता नहीं था। जब तुम से मिली और पढ़ाई करने लगी तो ऐसा लगा जैसे मेरे बचपन का वो भोला - भाला राम का प्रतिबिंब मिल गया। न चाहते हुए भी तेरे नजदीक आती गई। फिर आज जब जरूरत पड़ी मैंने अपना छुपाया हुआ सच भी तुम्हें बता दिया।

इसपर ललन ने कहा इसमें तुम्हारी कोई गलती तो नहीं पर मेरे साथ तो अनजाने में ही सही धोखा हो गया। और इसका जिम्मेदार सेठ हैं। मैं और मेरा परिवार बहु के रूप में किसी भी हाल में एक नेटुवे की बेटी को स्वीकार नहीं कर सकता। तुम्हारे एक झूठ ने आज मेरा दिल तोड़ दिया हैं। पता नहीं तेरे बिन अब बाकी की जिंदगी कैसे कटेगी। पर मैं वादा करता हूं एक दोस्त की तरह मैं तुम्हारी हर मदद करता रहूंगा। हमारी शादी तो नहीं हो सकती पर एक विनती हैं इतना होने के बाद हो सके तो बच्चे के ऑबर्शन के बारे में विचार करना। 

फिर क्या था जानकी को उसके सारे सवालों का उतर मिल चुका था। वो एक बार ललन को प्यार भरी निगाहों से देखी और बिना कोई वक्त लिए और बोले उसके कमरे से बाहर निकल गई। ललन दरवाजे पर खड़े होकर जानकी को दूर जाते देखता रहा। कई बार सोचा कि वो उसे रोक ले पर हिम्मत जुटा नहीं पाया। आज वो दुःखी भी था क्योंकि समाज के नियम रूपी खंजर से इंसानियत का खून कर चुका था। कहने को तो वो दरोगा पद के लिए चयनित हो चुका था जिसका काम समाज को न्याय दिलाना था। पर अनजाने में ही सही नौकरी ज्वाइन करने से पहले ही वह एक अपराध कर चुका था। वो दरवाजे पर देर तक खड़ा एकटक देखते रहा और देखते - देखते जानकी उसके आंखों से ओझल हो गई। ललन के दिल के हालात कुछ यूं थे।

झूठ से शराफत को,
वो मानों गले लगाया था।
पर इंसानियत का खून वो,
अनजाने में कर आया था।
धड़कने खामोश थी,
और आंसुओं को रोक पाया था।
आज प्यार के उपहार को,
अपने दिल के संसार को,
दरवाजे से लौटाया था।।

अगले भाग के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करे। 

भाग -7 : आखिरी पड़ाव

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ