नटिन : भाग -7 : आखिरी पड़ाव



जानकी तबीयत खराब होने का हवाला देकर दो दिन दुकान नहीं गई। घर के कुछ काम निबटाकर दिन भर सोई रहती। बहुत कहने पर खाना खाती। जानकी को पता था कि अब उसे ये घर भी छोड़ना है पर वो कहा जायेगी सोच कर डर जा रही थी। और बिस्तर पर पड़े - पड़े सब से अपने आंसुओं को छुपाकर रोती रहती थी। तीसरे दिन मेमसाहब ने खीजकर बोल ही दिया। कुछ दिन से तेरे तेवर बदले - बदले नजर आ रहे हैं। कुछ तो है जो हमलोग से छिपा रही हो। समझ नहीं आता क्या कहे तुमको। जानकी कुछ नहीं बोली। इसपर मेमसाहब को और गुस्सा आया और बुदबुदाते हुए जानकी पर अपना गुस्सा भी जाहिर की। रात को सेठ और मेमसाहब जानकी के कमरे में दाखिल हुए। सेठ ने जानकी से पूछा तुम्हें क्या हुआ हैं कहो तो अस्पताल चले। कुछ दिनों में ही तेरा चेहरा पूरी तरह उतर गया हैं। जानकी ने थोड़ा समय लेते हुए कहा। अब मैं यहां नहीं रहना चाहती। कल मैं अपने काका के पास चली जाऊंगी। इसपर सेठ ने कहा कौन काका? तुम कभी बताई नहीं। अगर तुम्हारा यही फैसला है तो तुम्हें जाने का बंदोबस्त हम कर देंगे पर उनके बारे में बताओ तो सही। इसपर जानकी ने कहा बस कुछ दिन पहले उनसे अचानक मुलाकात हो गई थी। आप कुछ बंदोबस्त मत करिए हम खुद चले जायेंगे। सेठ और मेमसाहेब काफी असमंजस में थे। उन्होंने जानकी को रुक जाने की विनती की पर जानकी नहीं मानी। जानकी को पता था कुछ और दिनों का सफर उसकी छिपी प्रेगनेंसी को प्रकट कर देगा जो सेठ के इज्जत प्रतिष्ठा में दाग लगाने के लिए काफी होगा।

रोज की भांति आज भी सूरज अपनी लालिमा लिए आसमां में उदय होने को तैयार था और इधर जानकी अपने जरूरत के समान को समेटकर आखिरी बार सेठ और मेमसाहब से मुखातिब होने को तैयार हो रही थी। मानों सेठ का परिवार भी जानकी के विदाई के लिए राह देख रहा था। जानकी ने अंश को कुछ चॉकलेट दिए। इसपर अंश पूछ उठा दीदी कहा जा रही हो। तभी जानकी आँखों में आँसू लिए अंश को गले लगाकर बोली कुछ दिन पहले मेरे अपने असली घर का पता चला। मैं वहीं जा रही हूं। फिर अंश ने बोला फिर कब आओगी। जानकी ने उतर दिया पता नहीं। पर तुम मेरे सपनों में आते रहोगे वहीं मिल लेंगे ये कहते हुए वो अंश को छोड़कर सेठ और मेमसाहब का पैर छूकर जाने की अनुमति मांगी। इसपर मेमसाहेब के इशारे पर सेठ ने नोटों की एक गड्डी जानकी की तरफ बढ़ाते हुए कहा तुमने इस घर को बहुत संभाला। ये 25 हजार रुपए तुम रख लो हमारे तरफ से। तुम्हारे बुरे वक्त में ये काम आयेंगे। जानकी ने पैसे लेने से इनकार कर दिया और बोली मैं जिंदा हूं क्या कम है। इस घर ने हमें एक नई जिंदगी दी है। मुझे और कुछ नहीं चाहिए। सेठ और मेमसाहब के बहुत निवेदन के बाद भी जानकी ने पैसे लेने से इनकार कर दिया। सेठ और मेमसाहब रोते हुए अंश को चुप कराने की कोशिश करते रहे और जानकी अपने भारी बैग के साथ अपने अनजान मंजिल की तरफ चल पड़ी।

बस स्टैंड जाकर जानकी एक बस में दाखिल हुई। कंडक्टर ने पूछा कहा जाना है इसपर जानकी ने पूछा ये बस कहा तक जाती हैं। कंडक्टर ने कहा अंतिम पड़ाव ठुमरी स्टेशन हैं। जानकी ने कहा वहीं जाना हैं। करीब 3 घंटे बाद वो स्टेशन पहुंच गई। वो अपना पहचान छुपाना चाहती थी। अतः वह अपने मुंह पर कालिख लपेट ली और प्लेटफार्म पर भिखारियों के साथ बैठ गई। इसपर एक भिखारी ने कहा तुम्हारा भी यही धंधा हैं या दुःख की मारी हो। जानकी ने हँसते हुए कहा खानदानी धंधा हैं मेरा। इसपर भिखारी ने कहा तब तो हमारी बहुत जमेगी। भिखारी ने हँसते हुए कहा फिक्र मत करो कहीं से एक बच्चा का इंतजाम कर लो अच्छा खासा कमा लोगी। जानकी ने कहा जरूर। 

भीख मांगते लगभग 1 महीना गुजर गया। जानकी बहुत तनाव में रहने लगी। उसे अपने बच्चें की चिंता सता रही थी। तभी एक दिन 10 रुपए का नोट देखकर भीख की थाली आगे बढ़ाई ही थीं कि उसके हाथ अचानक पीछे हट गए। सामने बूढ़ी औरत हैरान रह गई। जानकी ने चेहरा छुपा लिया। इसपर बूढ़ी औरत ने कहा कौन हो तुम। जानकी कुछ नहीं बोली। फिर बूढ़ी औरत ने जानकी के चेहरे से नकाब हटा दिया। पर थोड़ी देर की मशक्कत के बाद कालिख पोते जानकी से बोली तुम जानकी हो क्या। इसपर जानकी ने डरे स्वर में उतर दिया ,नहीं। जानकी के डर भरे स्वर ने वृद्धा के शक को सच्चाई में तब्दील कर दिया। 

वृद्धा सरकारी अस्पताल में सफाई कर्मचारी थी। कोई औलाद न था उसका। पति भी चल बसा था। हमेशा उदास अस्पताल के सीढ़ियों पर बैठी रहती थी। कई बार जानकी उस अस्पताल में दवा की पेटी पहुंचाने जाया करती थी और हर बार वृद्धा को सीढ़ियों पर पाती थी। एकबार रहा नहीं गया तो जानकी उसके पास बैठकर उसका हाल चाल पूछ बैठी और वृद्धा से बात कर भावुक हो गई। वृद्धा के अकेलेपन के दर्द को वो अच्छे से समझने लगी थी। अब जब भी वो उधर से गुजरती कुछ खाने - पीने की चीजें वृद्धा के लिए ले लेती और मिलते ही बोलती दादी अभी तक जिंदा हो क्या? इसपर वृद्धा हँसते हुए बोलती तेरे लिए ही जी रही हु। तेरा रास्ता देख रही थी। आजा बैठ जा। फिर दोनों देर तक इधर - उधर की बातें करते। दोनों में अच्छी दोस्ती हो गई थी। वृद्धा भी कई बार जानकी को कभी चूड़ियां तो कभी नाक - कान के सस्ते दाम वाले आभूषण भेंट में दे देती थी। और बोलती थी मेला से खरीदा तेरे लिए।

आज खुशी दादी जानकी को इस हाल में देखकर खुद को रोक ना पाई और जानकी से लिपटकर रोने लगी। अब जानकी का दुःख जो अंदर ही अंदर कब से बाहर छलकने को व्याकुल था आज उसे बाहर आने का जरिया मिल गया था। दोनों काफी देर तक लिपटकर रोने लगे। खुशी दादी ने जानकी से कहा चल मेरे घर। पर जानकी तैयार नहीं थी। बहुत कहने के बाद जानकी खुशी दादी के साथ बस में सवार होकर साथ चल पड़ी। रास्ते में जानकी ने अपनी सारी कहानी जो सेठ के घर से शुरू हुई थी खुशी दादी के गोद में बच्चे की तरह सर रखकर सुनाई। दोनों रात को घर पहुंचे। नींद आने का नाम नहीं ले रही थी। दोनों बीते लम्हों के बातों को दुहराकर साथ बिताए खुशी के पलों को याद करने लगे। 

तभी अचानक खुशी दादी जानकी को टोकते हुए बोली। एक बात कहूं निराश तो नहीं करोगी। जानकी ने कहा आप बोलो तो। खुशी दादी बोल पड़ी मैं अक्सर सोचती हूं अगर मेरी बेटी होती तो तेरी जैसी होती। इसपर जानकी खुशी दादी की गाल खींचते हुए बोली मेरी प्यारी दादी। तभी खुशी दादी बोल पड़ी अभी मेरी बात खत्म नहीं हुई। मैं ये बोल रही हूं अगर तुम बुरा न मानों तो मेरी बेटी बन जाओ। जानकी खामोश हो गई। तभी खुशी दादी बोली क्या सोच रही हो।

खुशी दादी का प्रस्ताव जानकी के लिए एक अजीब सी दुविधा का विषय बन गया था। फिर जानकी के मुख से निकले अल्फाज उसके मनोदशा को मानों कुछ यूं वर्णित कर रहे थे।

आशियाना तो बहुत मिले,
जिंदगी में,
पर बाद में पता चला,
वो सब सराय थे।
अब तो तलाश भी छोड़ दी है,
किसी आशियाने की।
अब तो मेरे लिए,
खुला आसमान ही काफी हैं। 
तूफान आयेगा तो ,
खोज लेंगे,
किसी पेड़ की ओट।
अभी तो अपना,
घोंसला बनाना भी बाकी हैं।।

तभी खुशी दादी बोल पड़ी ये घोंसला भी तेरा ही हैं पागल। थोड़े जमीन भी है मेरे पास। मेरे लिए तेरे सिवा कौन अपना हैं। इनकार मत करो अब बहुत थक चुकी हो जिंदगी के भाग - दौड़ से। अब तो रुक जाओ। एक समय के बाद रुक जाना जरूरी होता हैं। आज से इस घर की जिम्मेदारी तुम संभालो। फिर क्या था हा के पक्ष में जानकी खुशी दादी के गले से लिपट गई।

जानकी की कहानी सुनाते हुए वृद्धा लूंगी से मुस्कुराते हुए बोली वो खुशी दादी कोई और नहीं मैं ही हू । बहुत सालों बाद मैं अपने घर में बेटी बनकर जन्म ली थी तब मेरी मां मेरा नाम खुशी रखी थी। पर मेरी खुशी तो जानकी हैं। कुछ महीने बाद जानकी ने एक सुंदर और स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। ये खेल रही बच्ची जानकी की बेटी हैं। इसके जन्म के बाद जानकी की निराश जिंदगी में मानों एक आशा की किरण दिखाई देने लगी । इसलिए उसने अपनी बेटी का नाम आशा नट रखा हैं। 

2 साल ऐसे ही गुजर गए खुशी दादी पर बुढ़ापा हावी हो रहा था। दादी जिस अस्पताल में काम करती थी वो अस्पताल वाले एक पढ़ी लिखी लड़की को आशा बहन के लिए तलाश कर रहे थे जो महिलाओं में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता फैला सके। तभी खुशी दादी के कहने पर जानकी ने अस्पताल में उस पद के लिए आवेदन किया और साक्षात्कार में अव्वल आते हुए नौकरी करने लगी। खुशी दादी ने कई दफा जानकी से फिर से घर बसाने की सलाह दी पर वो तैयार नहीं हुई। जब जानकी ने देखा खुशी दादी पर बुढ़ापा ज्यादा हावी हो रहा है तब जानकी ने उन्हें काम पर जाने से मना कर दिया और उन्हें घर पर रहकर आशा की देखभाल करने की जिम्मेदारी दे दी। जानकी के कमाए थोड़े पैसे से घर चलने लगा।

पर खुशी दादी के अनुसार जानकी का दुनिया के समक्ष मुस्कुराता हुआ चेहरा उसके दिल के हालात से बिल्कुल मेल नहीं खाता था। खुशहाल सी दिखने वाली जानकी अंदर से पूरी तरह आज भी टूटी हुई थी। कई दिनों के दर्द भरे जमा हुए आंसुओं को वो अक्सर तन्हाइयों में बहाया करती थी। उसकी कमसीन सी जवानी उसके गमों के बोझ तले तड़पती छटपटाती कहीं दब कर मर सी गई था। अब उसके जीवन का लक्ष्य खुशी दादी की सेवा करना और आशा के भविष्य को सही राह दिखना रह गया था।

पर आखिर वो गमों का पहाड़ कितने दिन तक ढो पाती। धीरे - धीरे वो बीमार रहने लगी। चेहरे से रौनक गायब होता गया। दवाइयां भी मानों उसके रोजमर्रे की जिंदगी में शामिल हो चुकी थी। कभी खूबसूरत दिखने वाली जानकी अब बदसूरत सी हो गई थी।

लूंगी और खुशी दादी की बात चल ही रही थी तभी दरवाजे पर दस्तक हुई। आशा अपना खेल बीच में ही छोड़कर दरवाजे की कुंडी खोल अपने मां के गले लग गई। जानकी अपना सब्जियों से भरे थैले को दरवाजे के पास छोड़ आशा को गोद में उठाकर चूम ली। तभी आशा तुतली आवाज में बोली एक अंकल आए हैं। जानकी की आंखों को लूंगी को पहचानने में देर नहीं हुई और वो लूंगी काका के पैर छूकर अभिवादन की। लूंगी काका जानकी को देखकर दुःखी हुए और बोले ई का हाल बनाई रखी हो। थोड़ा खुद पर भी ध्यान दिया करो। इसपर जानकी मुस्कुराते हुए बोली ऐसा कोई बात नहीं हैं काका। काकी और छोटकी कैसी हैं? ऐसे ही बहुत सारी बातें करने के बाद लूंगी वहां रात भर रुक गया और सुबह अपने घर आकर सबको जानकी के जिंदा होने की खुशखबरी दी। लूंगी जब भी उधर जाता जानकी से मिल लेता।

ऐसे ही और 3 साल गुजर गए। जानकी बहुत ज्यादा बीमार रहने लगी। एक बार जब लूंगी जानकी के पास पहुंचे तो उसका हुलिया देख बहुत दुःखी हुए और उसे बड़े अस्पताल ले गए जहां पता चला उसकी दोनों किडनी खराब हो चुकी थी। जानकी से उसके बीमारी को छुपाने का प्रयास सफल नहीं रहा। जानकी को ये समझते देर न लगा कि शायद वो कम दिन की ही मेहमान थी। जानकी को न तो मौत का खौफ था न जीने का इरादा। अब वो सिर्फ आशा के भविष्य को लेकर चिंतित थी। 

जानकी के अनुसार राम बच्चा ही सही, पर वो पहला शख्स था जिसे जानकी के सामाजिक पहचान से कोई समस्या नहीं थी। उसके आंखों में बस इंसानियत की झलक थी। एक समय में वो जानकी का काफी नजदीकी दोस्त था। ऐसे जानकी को डर भी था कि समय के बहते प्रवाह में संभव हो कि राम भी रूढ़िवादी समाज के ढांचे में ढल गया हो। फिर भी अब वो अपने बचपन के दोस्त से एक बार मिलना चाहती थी। इसलिए उसने सोच लिया राम को वो जानबूझकर अधूरा पता देगी। राम अगर जानकी से मिलने के इच्छुक होंगे तो पूरा पता जरूर ढूंढ लेंगे।

लूंगी से जानकी की कहानी सुनकर सब भावुक हो गए थे। तभी जग्गू बोल उठा इतना होए के बाद ललनवा को पटक के कोई कूटा नाही। तभी अजय बोल उठा लूंगी और खुशी दादी के अलावा कोई ई कहानी को जानता भी तो नाही हैं। फिर पटकता कौन और कूटता कौन। जग्गू बोल उठा हम लोगन त जान चुके ना। हम त कहत है कल लालनवा के पता हम लगावत हैं फिर हम सब कोई चल के ऊ कुकुर के सुवर जैसन पीटते हैं। तब ससुर को पता चली कि धोखा के मतलब काय होला। अजय भी हा में हा मिलाते हुए कहा हमरो हाथ में 7 साल से खुजली हो रहल है। किसी को पीटे नाही हैं। मौका मिले त हम भी लात घुसा बरसाई देंगे।

तभी राम ने टोकते हुए कहा। चुप रहो आपलोग। हमें पता हैं। जानकी इसके लिए कभी हा नहीं कहेगी। तभी जग्गू ने टोकते हुए कहा जानकी से पूछत कौन हैं। बस चुपचाप जायेंगे और कूट के आ जायेंगे। राम ने कहा ये गलत हैं एकबार जानकी को ठीक हो जाने दो। फिर इसपर बात होगी। जानकी और आशा को न्याय भी दिलाएंगे हमलोग। जग्गू बोल उठा ईहो बात सही हैं। जान हैं तो जहान हैं।

पर लूंगी आप ई नहीं बताए कि जानकी राम तक पहुंची कैसे? अजय ने कहा।

तब लूंगी ने कहा।
जानकी के कहे पर हम राम के बारे में पता किए और जंकी को बताए कि कुछ ही दिनों में उनकर शादी होनेवाली हैं। बस का था जानकी अपना संदेश लेकर राम के शादी में चली गई और अपने अंदाज में अधूरा पता के साथ आपन संदेश छोड़ आई।

ऐसे ही बातें करते - करते सब नए अस्पताल पहुंच गए। आज अकेले घर पर रह रही खुशी दादी भी जानकी से मिलने अस्पताल पहुंच गई। डाक्टर ने सारे रिपोर्ट्स देखने के बाद बताया कि जानकी को अगर जल्द किडनी ट्रांसप्लांट नहीं किया गया तो बचाना मुश्किल होगा। चूंकि इस अस्पताल में राम का दोस्त ही सबसे बड़ा डॉक्टर थे और अस्पताल अपने फायदे का 10% समाज कल्याण पर खर्च करता था जो कि ज्यादातर कागजों पर शोभा बढ़ाने के काम आता था। आज उस 10% के हिस्से से जानकी का ऑपरेशन होना था पर एक नए किडनी की जरूरत थी। खुशी दादी खुशी - खुशी एक किडनी देने को तैयार हो गई। 2 दिन बाद ऑपरेशन का दिन तय कर दिया गया और जानकी को डॉयलिसिस और कुछ खास दवाओं पर जिंदा रखा गया। मौजूद सारे लोग किसी भी स्थिति में खून देने को तैयार थे। 

ऑपरेशन से एक दिन पहले थोड़े ज्यादा परेशान दिख रही जानकी से राम ने जब कारण पूछा तो जानकी ने कहा ऐसा लग रहा है कल तक कुछ अलग होने वाला है। इसपर राम ने कहा कल सब कुछ ठीक हो जाएगा शायद ये खुशी तुम्हें परेशान कर रही हैं। जानकी मुस्कुराते हुए बोली ये तो पता नहीं पर कुछ तो अलग होगा कल। अगर कुछ बुरा हुआ तो आप आशा को संभालना। राम बोल पड़े ऐसा कुछ नहीं होगा। राम और दूसरे लोग अस्पताल के नियमानुसार हॉल में समय बिताते। जानकी अधिकांश समय लूंगी काका खुशी दादी और आशा से घिरी रहती थी। पर आज कई बार राम ने दूर से जानकी के रूम से कुछ बहस होने की आवाज सूनी। जब राम जाता और कुछ पूछता तो सब चुप हो जाते और कहते बस ऐसे ही साधारण बाते हो रही थी।

अचानक 11 बजे रात को जानकी की तबीयत काफी खराब हो गई। राम के कहने पर राम का दोस्त फौरन आकर निरीक्षण किया और पूछा क्या सारे दवा समय से चल रहे हैं। जानकी कुछ नहीं बोली। डॉक्टर कुछ और दवाइयां लिखते हुए बोले इसे फौरन मंगाकर दे दीजिए। स्थिति कुछ अच्छी नहीं लग रही। कल ऑपरेशन भी करने हैं। पानी के बोतल में कुछ इंजेक्शन लगा कर उसे टांग दिया गया।

12 बजे तक सब को नींद के साए ने जकड़ रखा था। फिर सुबह के 5 बजे के करीब खुशी दादी के शोर और चीत्कार से पूरा वार्ड दहल गया। एक अफरातफरी सी मच गई। राम और दूसरे लोग दौड़ कर जानकी के पास आए। पर जानकी हमेशा के लिए खामोश हो चुकी थी। एक उबन और थकान भरा सफर खत्म हो चुका था। अब उसके पास न मां बाप की स्मृतियां थी न ही ललन से मिली बेवफाई। अगर कुछ था तो उसके मृत पड़े शरीर के समक्ष आशा, खुशी दादी, लूंगी और राम की अनवरत बरसती हुई आँखें थी। 

सब रो रहे थे पर राम को एक चीज बड़ी अजीब लगी वो थी जानकी को लगाए गए पानी की बोतलों से निकलने वाले पतले पाइप। ऐसा लगा उन्हें जोर से खींचा गया था। वो जानकी से जुड़े नहीं थे। राम आसपास घूमते हुए बाहर गए जहां जानकी के खिड़की के नीचे से कुछ फेंके हुए नंगी दवाइयां मिली। राम ने लूंगी से इस बारे में पूछा। इसपर लूंगी रोते हुए बोला ऊ जानकी ही फेंकी होगी। हमको नहीं पता था। राम ने आश्चर्य से कहा ऐसा क्यों। तब लूंगी कहने लगा वो खुद जीना नाही चाहत थी दो दिनन से। हम और खुशी दादी बहुत समझाने की कोशिश किए पर ऊ मानन को तैयार नाही थी दवा भी खाना छोड़ दी थी। अंत में जब आशा के परवरिश के बात आई तो ऊ दुखित मन से मान गई। हम लोगन के लगा अब ई समझ गई। पर होनी को जो मंजूर था वहीं हुआ। राम ने गुस्साते हुए पूछा हमसे आप क्यों नहीं बताए जवाब दो। इसपर लूंगी की झुकीं आँखें कुछ मजबूरी का संकेत कर रही थी। फिर लूंगी ने कहा पहले दाह संस्कार की तैयारी करत हैं। अगर आप सुनने को तैयार हो तो जरूर बताएंगे।

लूंगी की गंभीर आवाज में बोली हुए लफ्ज़ राम के बेचैनी बढ़ाने के लिए काफी थे। पर समय अभी जानकी के पार्थिव शरीर को विधिपूर्वक अंतिम यात्रा को तैयार करने की अनुमति मांग रहा था। चूंकि खुशी दादी जानकी को बेटी मान चुकी थी, खुशी दादी के मतानुसार जानकी के पार्थिव शरीर को अंतिम यात्रा के लिए तैयार किया गया और सब श्मशान में चले गए।

आशा, एक 7 साल की बच्ची जो जीवन का एक भी पड़ाव पार नहीं की थी इतना तो जानती थी कि अब उसकी मां नहीं रही पर उसे ना तो मां पर गुजरे कष्टों को महसूस करने के एहसास थे और ना ही अपने आगे के जीवन की चुनौतियां का ज्ञान। उसके आंखों से बहते नन्हें आंसू भी सुख चुके थे। अब वो जिंदा पत्थर के मूर्ति की तरह मां के पार्थिव शरीर के आगे पीछे मंडरा रही थी। खुशी दादी खुद के आंसुओं को रोकने का प्रयास कर रही थी और आशा को बार - बार गले लगा रही थी। खुशी दादी को भले - भांति पता था वो कुछ समय की मेहमान है। पर उसके बाद आशा का क्या होगा सोचकर डर जाती थी। अबतक जानकी को अंतिम बिदाई देने का वक्त हो गया था। डोम ने भारी आवाज में गुहार लगाई आग देने वाले आगे आए। खुशी दादी रोने की आवाज छुपाने के लिए अपने मुंह को साड़ी के आंचल से दबाकर बंद करते हुए आशा को आगे बढ़ने का इशारा किया। आशा को कुछ समझ नहीं आ रहा था। वो दबे पांव आग के मशाल लिए डोम के समक्ष खड़ी हो गई। राम ने मशाल डोम से लेकर आशा के हाथ में थमा दिया और आशा के हाथों जानकी को मुखाग्नि दिलवाया। अब आशा की सुखी आँखें आंसुओं से फिर से भर चुकी थी और उसकी मासूम सीसीकिया वहां उपस्थित सब के कलेजे को तार - तार कर रही थी।

अब झट से राम लूंगी को अपने पास बुलाए और खुद को बेचैन कर रहे सवाल का उतर मांगा। लूंगी ने कहा हम जो बताने जाय रहे हैं ऊ हम 2 दिनन पहले जानकी के मुंह से सुने। आप ई कहानी को जानकी के जुबानी सुनिए।

2 दिन पहले जब जानकी राम के दोस्त डॉक्टर रूस्तम को खुद के केबिन में दुर्जन ठाकुर से हंस - हंस कर बात करते देखी उसका गुस्सा माथे पर चढ़ गया और गुस्से में पागल सी हो गई और उसने मन ही मन फैसला कर लिया कि वो मर जाएगी पर इस डॉक्टर से ऑपरेशन नहीं करवाएगी। एक नर्स से बात करने पर पता चला कि दुर्जन ठाकुर एक बड़ा पूंजीपति था। उसके बहुत सारे कारोबार फैले हुए थे। समाज कल्याण के नाम पर वो इस अस्पताल को भी चंदा देता था। इसलिए अस्पताल के स्टाफ उसका इज्जत करते थे।

जब लूंगी और खुशी दादी को पता चला जानकी ऑपरेशन के लिए राजी नहीं हैं वो नाराज हो गए। इसपर जानकी ना चाहते हुए भी दुर्जन ठाकुर का नाम ली। तभी लूंगी ने टोकते हुए कहा वहीं दुर्जन ठाकुर जो राम के गांव का है और तोहार माई से एकबार बदतमीजी किया था और माफी भी मांगा था। जानकी ने सर हिलाते हुए हां में जवाब दिया। पर उसके बीते तो बहुते साल हो गए लूंगी ने कहा। इसपर जानकी ने कहा इसके अलावा भी बहुत कुछ हुआ जो आपको पता नहीं है। लूंगी के कहने पर जानकी ने सारा कहानी बयां कर दिया। 

जानकी के पिता के देहांत के बाद जानकी और उसकी मां मच्छरी के जीवन में मानों सैलाब आ गया था। कई रात भूखे सोने पड़ते थे। तभी एक राशन दुकानवाले के सहयोग से मच्छरी को बड़े -बड़े इमारतों के निर्माण कार्य में दिहाड़ी मजदूर के रूप में काम मिल गया। अब मच्छरी कमाने लगी थी और कम उम्र में ही घर के काम की जिम्मेदारी जानकी ने ले ली थी। कुछ महीने बाद जानकी स्कूल जाने लगी और उनकी जिंदगी की गाड़ी एक बार फिर से पटरी पर दौड़ने लगी। कहने को तो मच्छरी जैसे मजदूरों के बिना बड़े - बड़े इमारतों का खड़ा होना असंभव था पर जब मच्छरी अपने फूस के घर को देखती तो बहुत निराश होती। उसे घर बनाने को कोई सरकारी मदद नहीं मिला था। घर के लिए सरकारी मदद के प्रयास में मच्छरी को सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने के अलावा कुछ नहीं मिला था। ठेकेदार, जिसके यहां मच्छरी मजदूरी किया करती थी शहर के कई बड़े लोगों से ताल्लुक रखता था। आखिर मजबूर मच्छरी ने अपनी समस्या हल करने के लिए ठेकेदार से गुहार लगाई। ठेकेदार ने मच्छरी को आश्वासन दिया कि जिस साहब का ये काम चल रहा है उनकी पहुंच मंत्री तक है। वो चाहे तो तुम्हारी समस्या हल हो जाएगी। मच्छरी गिड़गिड़ाते हुए बड़े साहब से मिलवाने के लिए ठेकेदार से गुहार करने लगी। ठेकेदार ने कहा आप चिंता ना करो बड़े साहब आपको निराश नहीं होने देंगे।

आज मच्छरी काफी खुश थी। घर पर आते ही जानकी को गले लगाते हुए बोली ऐसा लगने लागल हैं कि अगले बरसात हमारी मड़ैया के मरम्मत नाही करे पड़ी और नाही मड़ैया में पानी चुए के डर। हम लोगन के भी ईंटा के घर बन जाई। जानकी जोर से चिल्लाते हुए बोली सच्ची? हा रे आपन ठेकेदार साहेब की कृपा कहो ऐसा कहते हुए मच्छरी जानकी को गले लगाए बिस्तर पर लेट गई।

कई सप्ताह बीतने के बाद सर पर ईंट ले जा रही मच्छरी से बरुआ जो कि एक मजदूर था बोल उठा तुमको ठेकेदार साहब याद किए हैं। जल्दी जा कर मिल लो। ये बात सुनते ही ऐसा लगा जानकी के पांव लड़खड़ाने लगे। वो जल्दी से ईंट रखकर जाना चाहती थी। घड़बड़ाहट में थोड़ी सी दूरी बहुत बड़ी मालूम पड़ रही थी। किसी तरह ईंट पहुंचाकर मच्छरी ठेकेदार के पास हाजिर हुई। ठेकेदार ने उसके घर का वाक्या याद दिलाते हुए सामने के कमरे में जाने को कहा। मच्छरी जैसे ही कमरे में प्रवेश की एक लंबे - चौड़े और बड़े - बड़ी मूछें वाले इंसान जो कि सोने की मोटी सिकड़ी पहने था देखकर सहम गई। और उसका मुंह लाल हो गया। ये इंसान कोई और नहीं बल्कि राम के गांव का दुर्जन ठाकुर था जिसपर कभी मच्छरी ने संगीन इल्जाम लगाए थे। मच्छरी को सामने देख दुर्जन ठाकुर बोल उठा। क्या विडंबना हैं मच्छरी! बड़ी बुरा लगा तेरे पति के बारे में जानकर। ऐसा मत सोचना मुझे तुमसे कोई नाराजगी है, बिल्कुल नहीं। मुझे तो खुशी है कि तुम जैसे बेसहारे का भला हो रहा हैं मेरे कारण। तेरी कष्ट मैं समझ सकता हूं। मैं ठेकेदार से कहकर तेरी दिहाड़ी बढ़वा देता हूं। एक छोटा सा कार्ड बढ़ाते हुए कहा ये रहा मेरे बंगले का पता जो इस शहर में हैं रख लो। ठेकेदार ने बताया था कि तुझे अबतक सरकारी आवास नहीं मिला। कल वहां आ जाना तुझे तेरा घर मिलने से कोई नहीं रोक सकता।

मच्छरी काफी डर गई थी। आज एक अजीब सी दुविधा थी। रात में जंकी से सारी बातें बताते हुए सोने का प्रयास करने लगी पर नींद आने का नाम नहीं ले रही थी। करवट बदलते - बदलते रात बीत गई। सुबह तैयार होकर अनमने ढंग से पता पूछते हुए दुर्जन ठाकुर के बंगले पर पहुंच गई। बाहर पेड़ के नीचे लगे कुर्सी पर बैठ गई। दुर्जन ठाकुर ने एक नौकर को भेज उसे अन्दर बुलवाया। फिर उसे खाने के लिए बहुत सारे खाने की वस्तुएं परोसे गए पर मच्छरी बस एक मिठाई के सिवा कुछ भी लेने से इनकार कर दी । दुर्जन ने उसे जबदस्ती खिलाने की कोशिश की पर वह असफल रहा। वह इधर - उधर की बातें करने लगा। फिर मच्छरी की सुंदरता की तारीफ करने लगा। तभी मच्छरी बीच में टोकते हुए बोली मालिक हम काम की बात करत हैं। हम सारे कागज साथ ही लाए है। एक बार देख कर हमार काम करवाई दीजिए। हम ई एहसान कबो नाही भूलेंगे। इसपर दुर्जन उसे अपने बेड रूम में बुलाते हुए कहा आइए आराम से बैठ के यहां बात करते हैं। चुकी घर में कोई नहीं था बतौर मच्छरी दुर्जन के बात को ठुकरा दी और हाल में ही रुककर जरूरी बातें करने का अनुरोध किया। इसपर दुर्जन का चेहरा गुस्से से लाल हो गया और उसने मच्छरी का हाथ पकड़कर अंदर ले जाने की कोशिश किया जो मच्छरी को नागवारा लगा और उसने हाथ छुड़ाकर दुर्जन को एक चटा लगाकर भाग निकली। चूंकि मच्छरी बाहर निकल चुकी थी बतौर दुर्जन चाहकर भी मच्छरी का कुछ ना बिगाड़ सका।

घर आकर मच्छरी जानकी से लिपटकर बहुत रोई और बोली ई जनम हमनी के भाग्य में झोपड़िए लिखल हैं। चलो अच्छे हुआ आज से कोई दफ्तर का चक्कर - ओकर नाही लगाना पड़ेगा। पर पता नाही बहुत डर लाग रहल हैं। जी करत है ई शहर छोड़ ही देते हैं। एक बार तोर लूंगी काका आवत है तो उनसे इसपर बात करत हैं।

डर के साए में जी रही मच्छरी 10 दिन तक घर पर रही। पर ठेकेदार के कहने पर वह फिर से काम पर जाने लगी। महज काम पर जाते 5 ही दिन हुए थे कि एक काला दिन मच्छरी के भाग्य में आया। रोज की भांति आज भी काम कर मच्छरी और दूसरे मजदूर अपना खाली लॉन्च बॉक्स जो दिनभर सिक्योरिटी के पास सुरक्षित रहता था, अपना - अपना लंच बॉक्स वापस लेकर घर लौटने बस स्टैंड पर चले गए। तभी 5 हट्टे - कट्टे इंसान मजदूरों पर चिल्लाते हुए वहां से सोने की सिकड़ी चोरी करने का आरोप लगाने लगे और सारे मजदूरों का तलाशी लेने लगे। जब मच्छरी का लंच बॉक्स खोला गया तो उसमें मोटा सा सोने की सिकड़ी थी। ये वहीं सिकड़ी थी जो मच्छरी दुर्जन के गले में देखी थी। मच्छरी इससे पहले कि कुछ समझ पाती कि ये सिकड़ी उसके लंच बॉक्स में कहा से आई पांचों हट्टे - कट्टे इंसान मच्छरी पर लात घुसे की बौछार करने लगे। देखते - देखते वहां भीड़ जमा हो गई और पूरी आक्रोशित भीड़ बुरी तरह से मच्छरी को पीटने लगी। जबतक पुलिस वहां पहुंची मच्छरी मानों मौत के करीब पहुंच चुकी थी। पुलिस मच्छरी को सरकारी अस्पताल ले गई। जब ये बात जानकी को पता चली वह खाली पैर रोते , चीखते - चिल्लाते अस्पताल पहुंच गई। मच्छरी मानों जानकी का ही राह देख रही थी। जैसे ही जानकी उसके करीब आई घायल अधमरी सी पड़ी मच्छरी जानकी के हाथ पकड़ते हुए बहुत मुश्किल से बहुत ही धीरे आवाज में बोली मैंने कोई चोरी नहीं की और वो सिकड़ी दुर्जन ठाकुर की थी। और यही वाक्य मच्छरी की जिंदगी की आखिरी वाक्य साबित हुई। जानकी अपने मां के छाती पर सर रखकर रोते रही।

जिस समाज ने जानकी और उसकी मां की दुःख की घड़ी में सुध तक नहीं लिया था आज उस समाज ने उसकी मां की चिता को बड़े अच्छे से सजाया। जानकी से चिता को आग दिलवाया और अपने आंसू भी बहाए। जाते - जाते कई लोगों ने जानकी को कुछ पैसे भी थमा दिए जिसे खर्च कर वो हफ्ते - दो हफ्तें जिंदा रह सकती थी। घंटे - दो - घंटे में भीड़ लगभग गायब हो चुकी थी। श्मशान में बस जानकी की मासूम सीसीकिया और उसकी मां की बुझती चिता मानों कुछ गुफ्तगू कर रही थी। तभी जानकी की शिक्षिका एक सहारे के रूप में वहां पहुंची और जानकी के माथे पर हाथ रख दिया।

मच्छरी की ये कहानी राम को एकदम झकझोर कर रख दिया। पश्चाताप और गुस्से की लकीरें एक साथ राम के चेहरे पर उदयमान हो रहे थे। राम के आंखों से लगातार आंसू निकल रहे थे। सबको जानकी का एक जलता चिता नजर आ रहा था। पर राम को आज दो चीते जलते नजर आ रहे थे। एक मच्छरी का और दूसरा जानकी का। सामने नजर आ रही थी पूरी तरह टूट चुकी निराशा के सागर में डूबी हुई आशा की सीसीकिया और समाज से कुछ कटु सवाल पूछते जानकी की कड़वी जुबान। शाम भी होने लगी थी और जानकी की चिता भी ठंडी होने लगी थी पर राम के अंदर पश्चाताप और गुस्से की आग ठंडा होने की नाम ही नहीं ले रही थी। खुशी दादी शांत बैठकर नम आंखों से एकटक बुझते चीते को देख रही थी। राम ने खुशी दादी को सहारा देकर उठाया और सब पीछे मुड़कर श्मशान से चल दिए। पर अभी भी बुझ रहे चीते पर कई जिंदे सवाल विद्यमान थे। 

आखिर कब तक श्मशान,
मासूमों के चीते का बोझ उठाता रहेगा।
आखिर कब तक जुल्म - ए - सितम,
मातम में खुशियां मनाता रहेगा।
कब तक बरसती रहेंगी,
न्याय मांगती आंखें।
कब तक भीख मांगेगी,
जीने को चलती सांसे।
कब तक गरीबी का श्राप,
नंगा नाच दिखता रहेगा।
कब तक कुछ सवालों से,
समाज मुंह छिपाता रहेगा।।

आज राम आशा को दूसरी जानकी बनते नहीं देखना चाहते थे अतः वो अपना दाहिना हाथ हमेशा के लिए आशा नट के माथे पर रख दिए। ये दृश्य देखकर खुशी दादी खुद को भावनाओं के सागर में डूबने से न रोक पाई और अनायास ही उनके मुख से  एक अल्फाज निकल पड़ा - हे राम! भगवान तुम्हारा कल्याण करें।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ