राम की शादी के दो दिन बाद अधिकांश मेहमान और रिश्तेदार जा चुके थे। कुछ लोग जो ज्यादा करीबी थे राम के माता पिता के अनुरोध से रुके हुए थे। धवल भी राम से विदा लेने गए पर राम ने कहा अभी भाभी से तो मिल लो फिर चले जाना। धवल ने कहा छोड़ो कभी और मिल लेंगे वो तो पूरी तरह दिन भर महिलाओं से घिरी रहती है। पर राम ने कहा पर तुम रुको। बिना मिले मत जाना। तुम्हारे माता और पिताजी तो घर पर कोई नहीं है का बहाना करके कल ही चले गए। मैंने उनसे कह दिया है की धवल और भाभी जी एक दो दिन बाद जाएंगे और वो मान भी गए।
शाम हुई धवल राम के दालान पर बैठे थे। उतना मन नहीं लग रहा था उसका तभी राम आये और बोले चलो भाई घर पर। दोनों राम के कमरे में गए। कमरा अब भी काफी सजा हुआ था धवल की पत्नी और राम की पत्नी वहाँ सोफे पर बैठी थी। वाकई भाभी जी बहुत खूबसूरत थी। धवल ने उन्हें अभिवादन किया। फिर राम के इशारे पर सब वही बैठ गए। धवल ने भाभी से अंग्रेजी में बोला how are you भाभी जी। इसपर वो हसने लगी और बोली मुझे हिंडी भी आटी है। मैं पिछले २ साल से हिंडी सीख रही हू। समझ लेटी हू पर बोलने में थोड़ी दिक्कट होती है। फिर इधर - उधर की बातें होने लगी।
फिर अचानक राम ने कहा आज हमसब थोड़े फुरसत में हैं, क्यों न शादी में मिले उपहारों को खोला जाए और डायरी में नोट कर लिया जाए। सबने हा भर दी। धवल और उसकी बीबी उपहार खोलने लगे और डायरी की जिम्मेदारी राम को मिली और फिरंगी भाभी दर्शक की भूमिका निभाने लगी। एक से बढ़कर एक सुंदर - सुंदर उपहार देखने को मिल रहे थे।
तभी धवल की पत्नी को एक छोटे से लाल पुराने से कपड़े में बांधे उपहार पर नजर पड़ी। ये बहुत अजीब लग रहा था। पर था तो उपहार उसे देखना जरूरी था। पर उसपर किसी का नाम नहीं था। धवल ने राम से पूछा ये किसका हो सकता हैं। राम भी असमंजस में थे बोले खोलकर देखते हैं। कपड़ा को खोला गया तो उसमें कुछ खास उपहार नहीं था पर जो था वो थोड़ा चौंकाने वाला था। उसमें निम्नलिखित चीजें थी।
1. एक खपरैल का टुकड़ा जिसपर मानों किसी बच्चे ने एक तरफ पत्थर पर खुरेदकर राम लिखा था और दूसरे तरफ केवल कुछ उलझी लकीरें।
2. सुखे चावल के थोड़े से सफेद और ज्यादा काले दाने।
3. छोटा बांस का टुकड़ा जो बीच से आधा टूटा हुआ था।
ये देखकर मानों कुछ पल के लिए चंचल से माहौल में ख़ामोशी छा गई। न भेजने वाले का नाम पता और अजीब सा उपहार। राम खपरैल के टुकड़े को बार - बार निहार रहे थे और परेशान लग रहे थे और बोले लगता हैं इस टुकड़े को हम कभी देखे हैं।
फिर राम हमसे पूछ बैठे ये किसने दिया तुम्हें कुछ याद हैं। हम दिमाग पर बहुत जोर दिए पर कुछ याद नहीं आ रहा था। फिर हम राम से बोले इस उपहार के बारे में तो पता नहीं पर एक छोटी घटना हुई थी। जग्गू और ढोढ़न ने बताया था एक बहुत ही गरीब और बदसूरत औरत पार्टी में घुसने की जिद कर रही थी और उन्होंने उसे लौटा दिया। राम ने फौरन दोनों को बुलाया जो उसके घर में नौकर का काम करते थे।
जब राम ने जग्गू से उस स्त्री के बारे में पूछा तो उसने कहा हमें लगा वो पार्टी में खाना खाने आई हैं। चूंकि वो अजीब दिख रहल थी तो उसे आने से हमलोग माना कर दिए। पर आप चिंता नाहीं करिये वो खाने के लिए नहीं आइल थी बल्कि वो एक गंदा सा उपहार लेकर आइल थी और आपको देने को जिद कर रही थी। फिर हमने उसका उपहार लेकर उपहारों के बीच में रख दिया। और हम कुछ पूछ पाते वो वहां से जा चुकल थी। ये सुनकर राम थोड़े नाराज नजर आए और जग्गू को बोला उसे कम से कम खाना तो खिलाकर भेजना था।
राम बहुत परेशान हो गए हमलोग ऐसे ही बैठे थे तभी राम की मां एक पीले रंग की साड़ी लाई और बोली ये तुम्हारी बुआ की तरफ से हैं। बहु ने कहा यहां ज़्यादा लोग पीला साड़ी ही दे रहे हैं। पीला रंग हमें कुछ खास पसंड नहीं हैं। तभी मां ने समझाते हुए कहा ऐसा नहीं बोलते, पीला रंग शगुन का प्रतीक हैं और एक सुहागन के सुहाग का भी इसे खुशी - खुशी रख ले।
तभी अचानक राम के चेहरे पर एक रौनक आई। लगा उन्हें कुछ मिल चुका है। वो खुद से भुनभुनाते हुए कहने लगे उसने कहा था - किसी को दिए गए हर रंग और निशानी का खास अर्थ होता हैं। हर बंजारा पढ़ा लिखा नहीं होता इसलिए हमलोग अपने संदेश में अलग - अलग रंगों, निशानियों और चिन्हों का ज्यादा प्रयोग करते हैं। जैसे कि किसी को मंगल कार्य में आमंत्रित करने के लिए हल्दी देते हैं। और अचानक बोल उठे ये तो जानकी थी जिसे हम जंकी कहकर पुकारा करते थे। उसके हर एक चीज का अर्थ हैं।
थोड़ी देर सोचने के बाद आखिर राम ने छिपी हुई सूचना का अर्थ ढूंढ लिया। सफेद - काले चावल मतलब जिंदगी में रौशनी का कम पर अंधकार का ज्यादा साया है। आधा टूटा बांस के तिल्ली का मतलब अभी जिंदगी अपाहिज सी हो गई हैं। फिर धवल जिज्ञासा से पूछे और खपरैल का टुकड़ा का मतलब? राम बोले वो भी बताएंगे पर सबसे पहले हमें उससे मिलना होगा। वो संकट में हैं। हमें जल्दी कुछ करना होगा।
अगले भाग के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करे।

0 टिप्पणियाँ